अगर आपके आधार कार्ड में नाम, पता या मोबाइल नंबर से जुड़ी कोई गलती है, तो उसे ठीक कराने के लिए अब साइबर कैफे या आधार सेंटर के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है। कई बार लोग फर्जी एजेंट्स के झांसे में भी आ जाते हैं, जिससे समय और पैसा दोनों बर्बाद होता है। जबकि आधार से जुड़ी ज्यादातर समस्याओं का समाधान आप सिर्फ एक कॉल से पा सकते हैं।
UIDAI ने आधार सेवाओं के लिए आधिकारिक टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1947 जारी किया है। इस नंबर पर कॉल करके आप आधार में सुधार, अपडेट या किसी भी तरह की जानकारी आसानी से हासिल कर सकते हैं। यह सेवा हिंदी, अंग्रेजी समेत 12 भाषाओं में उपलब्ध है, जिससे देशभर के लोगों को मदद मिल सके।
1947 पर कॉल करने के फायदे
इस हेल्पलाइन पर कॉल करके आप आधार से जुड़ी सही और प्रमाणिक जानकारी पा सकते हैं। इससे न केवल साइबर कैफे पर होने वाला खर्च बचेगा, बल्कि गलत या अधूरी जानकारी के कारण होने वाली परेशानी से भी राहत मिलेगी। UIDAI का यह नंबर याद रखना भी आसान है और पूरे भारत में कहीं से भी टोल-फ्री कॉल किया जा सकता है।
कब कर सकते हैं कॉल?
UIDAI का कॉल सेंटर सोमवार से शनिवार सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक उपलब्ध रहता है। वहीं, रविवार को यह सेवा सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मिलती है। इस नंबर की मदद से आप आधार नामांकन केंद्र की जानकारी, आधार अपडेट स्टेटस, खोए हुए आधार से जुड़ी जानकारी और अन्य कई सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।










