यूपी के निगोही क्षेत्र के एक गांव में आधी रात हुए प्रेम प्रसंग के ड्रामे का अंत शादी के साथ हो गया। पीलीभीत जिले के थाना बीसलपुर के एक गांव का युवक अपनी विवाहित प्रेमिका से मिलने रात चोरी-चुपके उसके घर पहुंचा था। इस दौरान महिला के पति ने पत्नी को प्रेमी के साथ इश्क लड़ाते हुए देख लिया। कुछ लोगों के जागने पर हड़बड़ाहट में प्रेमी भाग निकला। महिला के पति ने सुबह होते ही ऐसा फैसला लिया, जिसे सुनकर गांव के लोग भी हैरान रह गए। पति ने ससुराल वालों के सामने पत्नी की उसी प्रेमी से शादी करा दी।
करीब 30-32 वर्ष की महिला की शादी दस साल पहले मेहनत-मजदूरी करने वाले युवक से हुई थी। दंपती के सात साल की बेटी और चार साल का बेटा है। इसी बीच महिला की मुलाकात पीलीभीत निवासी युवक से हुई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं। चोरी-चुपके मुलाकात का सिलसिला चलता रहा। बुधवार रात युवक प्रेमिका के घर मिलने आया, तभी आसपास के लोग जाग गए और वह भाग निकला।
सुबह महिला के पति ने पत्नी से फोन कराकर युवक को बुलवाया। घर पर बहुत सम्मान के साथ बैठाया और पत्नी के मायके पक्ष को भी बुला लिया। करीब तीन से चार घंटे चली पंचायत में महिला के पति ने फैसला लिया कि वह पत्नी को प्रेमी के साथ भेज देगा। इसके बाद प्रेमी ने पंचायत में ही महिला की मांग में सिंदूर भर दिया। महिला के मायके और ससुराल पक्ष की रजामंदी से शादी पूरी हुई और दोनों साथ हो गए। विवाह के बाद निगोही थाने में लिखित सूचना दी गई।
गांव में इस घटना की चर्चा रही। कुछ लोगों ने पति के फैसले को साहसिक बताया, तो कुछ ने इसे सामाजिक परंपरा से अलग माना। वहीं, प्रेमी और प्रेमिका अब खुलेआम एक-दूसरे के साथ रहने लगे हैं। गांव में पंचायत के इस अनोखे निर्णय का किस्सा लंबे समय तक याद रखा जाएगा।