
सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए रील्स में गलत कंटेंट और अनुचित तरीकों का सहारा लेने के मामले में पुलिस ने एक महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एसओ पंकज जोशी ने बताया कि सोशल मीडिया में वायरल होकर पैसा कमाने के लिए उत्तराखंड पुलिस की वर्दी का दुरुपयोग करने और पुलिस की छवि को धूमिल करने के लिए ड्रामा कर गलत कंटेंट का इस्तेमाल करते हुए वीडियो बनकार यूट्यूब और इंस्टाग्राम में प्रचारित करने के मामले में चकलुवा क्षेत्र की एक महिला के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
आरोप है कि महिला ने सोशल मीडिया पर अपलोड किए वीडियो में आपत्तिजनक शब्दों को इस्तेमाल किया है। मामले में एसएसपी नैनीताल ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के आदेश दिए थे। एसओ ने बताया कि महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 204 और 205 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से महिला की सभी आपत्तिजनक पोस्ट और वीडियो हटवा दिए गए हैं। पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि उसने यह वर्दी एक साइट के जरिए मंगवाई थी।
एसएसपी ने अपील की है कि कोई भी सोशल मीडिया पर इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में शामिल न हो, जिससे पुलिस विभाग या किसी अन्य सरकारी संस्था की छवि धूमिल हो। ऐसे में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








