उत्तराखंड में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की ओर से पूर्व विधायकों के संदर्भ में दी गई एक टिप्पणी पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कड़ा पलटवार किया है। गणेश गोदियाल ने महेंद्र भट्ट के बयान को बेहद आपत्तिजनक और स्तरहीन करार देते हुए उन्हें पद की गरिमा बनाए रखने की नसीहत दी है।
रविवार को सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में गणेश गोदियाल ने कहा कि महेंद्र भट्ट जब भी सार्वजनिक मंचों से बोलते हैं, वे अपनी पार्टी के संस्कारों का परिचय देना नहीं भूलते। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अध्यक्ष की भाषा शैली न केवल अमर्यादित है, बल्कि उत्तराखंड की राजनीतिक संस्कृति को भी कलंकित करने वाली है।
भाजपा अध्यक्ष ने क्या कहा था
बता दें कि मामले की जड़ महेंद्र भट्ट का वह बयान है, जिसमें उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने वाले या पूर्व विधायकों के लिए ‘निकाला हुआ माल’ जैसे शब्दों का प्रयोग किया था। इस पर गोदियाल ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, महेंद्र भट्ट ने उन सम्मानित पूर्व विधायकों के लिए ऐसी शब्दावली का इस्तेमाल किया है, जिन्होंने उस सदन की गरिमा बढ़ाई है। भट्ट स्वयं आज भी उसी सदन में पहुंचने के लिए लालायित हैं। एक राष्ट्रीय पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जैसे गरिमामय पद पर बैठे व्यक्ति को अपनी शब्दावली का चयन सोच-समझकर करना चाहिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बयान पर दी सफाई
निकाले गए माल शब्द को लेकर ट्रोल होने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने रविवार को अपने बयान पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनका आशय भाजपा से अनुशासनहीनता की वजह से निकाले गए लोगों से था। भट्ट ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस की आपत्ति उसकी द्विअर्थी सोच की वजह से है। उन्होंने कहा कि उनका आशय भ्रष्टाचारी, अनुशासनहीन नेताओं से था।
कांग्रेस में जल्द बड़ी टूट- भाजपा अध्यक्ष
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दावा किया कि कांग्रेस में जल्द ही बड़ी टूट होने वाली है और उसके कई नेता जल्द भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं। रविवार को पत्रकारों ने महेंद्र भट्ट से कांग्रेस के ज्वाइनिंग कार्यक्रम को लेकर सवाल पूछे। इसके जबाव में भट्ट ने कहा कि भाजपा लंबे समय से अपने संगठन के विस्तार के कार्यों में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि पार्टी के कई वरिष्ठ नेता पूर्व में भाजपा को ज्वाइन कर चुके हैं। जबकि कई अन्य नेता पार्टी के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही कांग्रेस के कई नेता भाजपा में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा तेजी से मिशन 2027 के लक्ष्य को हासिल करने में जुटी हुई है और इस बार पार्टी तीसरी बार सरकार बनाकर राज्य में हैट्रिक लगाएगी।











