एंबुलेंस आई न मिली कोई मदद, गैंगरेप की शिकार हुई नाबालिग ने बच्ची को दिया जन्म

0
373

यूपी के वाराणसी से हैरान कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक गांव में दो लड़के 16 साल की एक लड़की का बार-बार रेप कर रहे थे। लड़की जब छह महीने की गर्भवती हो गई तो परिवारवालों को इसका पता चला। उन्होंने वाराणसी के चौबेपुर थाने में केस दर्ज कराया। परिवारवालों के मुताबिक पुलिस ने इस मामले में सात लोगों को आरोपी बनाया था। इनमें से दो को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। अब इस लड़की ने एक बच्ची को जन्म दिया है। इस घटना की एक विडंबना यह भी है कि पीड़ित नाबालिग लड़की की माता बोल-सुन नहीं सकतीं तो पिता भी मानसिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ नहीं हैं। परिवार से जुड़े लोगों का आरोप है कि लड़की जब प्रसव पीड़ा से गुजर रही थी तो उसे समय पर एंबुलेंस भी नहीं मिली। न ही पुलिस हेल्पलाइन से कोई मदद मिल पाई। अंत में लड़की को ऑटो में लिटाकर पंडित दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार वाराणसी के चौबेपुर क्षेत्र के एक गांव में 16 साल की एक नाबालिग लड़की के साथ दो लड़कों ने कई बार रेप किया। लड़की प्रेग्नेंट हो गई। जब गर्भ छह महीने का हो गया तब लड़की के परिवारीजनों ने पुलिस से मामले की शिकायत की। असल में घर आई पड़ोस की एक महिला को लड़की के पेट में बच्चा होने का शक हुआ था। उसने लड़की की मौसी को फोन कर इसकी जानकारी दी। लड़की की मौसी ने लड़की के पिता को इसकी जानकारी दी। तब उन्होंने वाराणसी के चौबेपुर थाने में गांव के ही दो लड़कों पर आरोप लगाते हुए तहरीर दी।

परिवार से जुड़े लोगों का कहना है कि उनका घर गांव के बाहर खेत में सुनसान जगह पर बना हुआ है। इस घर में लड़की, अपने माता-पिता और छोटे भाई के साथ रहती है। आरोपी लड़के सेना में भर्ती होने के लिए तैयारी करते हैं। वे हर सुबह दौड़ लगाते हैं। लड़की के पिता ने पुलिस को बताया कि पिछले साल दिसम्बर महीने में उनकी बेटी शौच करने गई थी। वहीं गांव के दो लड़कों ने उसे उठा लिया और उसका मुंह दबाकर गन्ने के खेत में ले गए। वहां बारी बारी से दोनों ने उसके साथ दुराचार किया। इसके बाद इसका सिलसिला चल पड़ा।

दोनों लड़के, लड़की को बराबर धमकाते थे कि किसी से कहोगी तो तुम्हारे मां-बाप को मार डालेंगे। डर के मारे लड़कीने किसी को यह बात नहीं बताई। बार-बार रेप का शिकार हो रही लड़की गर्भवती हो गई तब परिवारवालों को इसका पता चला। गर्भवती होने के कुछ महीने बाद परिवार के लोगों ने आसपास के लोगों और रिश्तेदारों को बुलाया और थाने जाकर मुकदमा दर्ज कराया। इस साल 29 जून की देर रात चौबेपुर थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी।

क्या बोली पुलिस

इस बारे में पूछे जाने पर प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि गैंगरेप के आरोप में दो आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। अन्य आरोपियों के खिलाफ भी जांच चल रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here