एशिया कप ट्रॉफी ‘चोर’ मोहसिन नकवी को मिलेगा गोल्ड मेडल! पाकिस्तान में होगा सम्मान

0
190

एशिया कप 2025 की ट्रॉफी चुराने वाले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख और एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी को गोल्ड मेडल से नवाजा जाएगा। जी हां, रिपोर्ट्स के अनुसार, नकवी को एशिया कप फाइनल में भारत के खिलाफ उनके ‘दृढ़ और सैद्धांतिक रुख’ के लिए शहीद जुल्फिकार अली भुट्टो एक्सीलेंस गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा। बता दें, एशिया कप का खिताब जीतने के बाद टीम इंडिया ने नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था, वह काफी देर मंच पर इंतजार करते रहे, इसके बाद वह ट्रॉफी लेकर ही मैदान से चले गए। भारतीय खिलाड़ियों ने बिना ट्रॉफी के जीत का जश्न मनाया।

द इंडिपेंडेंट की एक रिपोर्ट के अनुसार, सिंध और कराची बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट गुलाम अब्बास जमाल ने यह घोषणा की। जमाल ने कहा कि भारत के साथ बढ़ते राजनीतिक और खेल तनाव के बीच नकवी के इस कदम ने “राष्ट्रीय गौरव की पुनर्स्थापना” की है। उन्होंने बताया कि पीपीपी अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी के मुख्य अतिथि होने की संभावना है।

मोहसिन नकवी के स्टेडियम से ट्रॉफी ले जाने का बीसीसीआई ने कड़ा विरोध किया और उन्हें एसीसी अध्यक्ष पद से भी हटाए जाने की मांग की। हालांकि उन्होंने सोशल मीडिया पर बात में लिखा कि अगर भारतीय टीम को ट्रॉफी चाहिए तो वह एसीसी के ऑफिस से ले सकती है।

बीसीसीआई द्वारा ट्रॉफी ना दिए जाने पर आपत्ति जताए जाने की खबरों के बाद, नकवी ने X पर पोस्ट किया, “एसीसी अध्यक्ष होने के नाते, मैं उसी दिन ट्रॉफी सौंपने के लिए तैयार था और अब भी तैयार हूं। अगर वे सचमुच इसे चाहते हैं, तो वे एसीसी ऑफिस आकर मुझसे इसे ले सकते हैं। मैंने कुछ भी गलत नहीं किया है और न ही मैं बीसीसीआई से माफी मांगूंगा।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here