नगर निगम रुड़की के सभागार में रुड़की के एक चर्चित यू-ट्यूबर की बर्थ-डे पार्टी आयोजित की गई। इसमें युवतियों ने अश्लील डांस भी किया। बर्थ-डे पार्टी का वीडियो वायरल होने पर लोगों ने कड़ा विरोध जताया है। एक पार्षद ने कवि सम्मेलन के नाम पर यह सभागार बुक कराया था। जनप्रतिनिधियों ने भी कड़ी आपत्ति जताई है।
नगर निगम के सभागार में शुक्रवार की शाम को शहर के नौ दो ग्यारह चैनल के चर्चित यू-ट्यूबर अमजद की बर्थ-डे पार्टी मनाई गई। जिसमें अनेक युवक-युवतियां शामिल थे। नगर निगम के मंच स्थल पर यह पार्टी मनाई गई। पार्टी के दौरान युवतियों ने अश्लील डांस भी किया। यही नहीं पार्टी में केक काटने के दौरान उसे एक दूसरे पर उसे फेंका भी गया। जिससे निगम सभागार में रखी कुर्सियां भी गंदी हो गईं।
अमजद पर तीन महीने पहले केस
यू-ट्यूबर अमजद पर तीन महीने पहले अपत्तिजनक वीडियो के मामले में केस दर्ज हुआ था। रविवार को नगर निगम में सभागार में मनाई गई, इस पार्टी का वीडियो भी वायरल हुआ है। हालांकि, हिन्दुस्तान इसकी पुष्टि नहीं करता है। वीडियो देख लोगों ने कड़ा विरोध जताया है। लोगों ने कहा कि नगर निगम का सभागार सरकारी संपत्ति है। यहां केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम हो सकते हैं। नगर निगम में ऐसे कार्यक्रम नहीं होने चाहिए।
पार्षद ने कवि सम्मेलन के लिए कराया था बुक
नगर निगम के वार्ड-1 के पार्षद के ओर यह सभागार कवि सम्मेलन के नाम पर बुक हुआ था। वार्ड नंबर-1 के पार्षद अमित कुमार ने बताया कि उन्हें गुमराह कर यह सभागार बुक कराया गया था। उन्हें बताया गया था कि कवि सम्मेलन होना है, इसके स्थान पर बर्थ-डे पार्टी और डांस आदि करना गलत है। निगम अधिकारियों को जो उचित कार्रवाई है, वह करनी चाहिए।










