जमीन बेचने में धोखाधड़ी करने के आरोप में कांग्रेस पार्टी से बाजपुर के ब्लॉक अध्यक्ष रह चुके अनिल सेन पर एक साथ अलग-अलग चार मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पीड़ितों से उन पर समझौता होने के बाद भी लाखों रुपये की रकम हड़पने का आरोप भी लगाया है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज जांच शुरू कर दी है।
हल्द्वानी के आनंदपुर निवासी तुलसी ने बताया कि वर्ष 2023 में गांव हरिपुरा निवासी अनिल सेन की पत्नी भावना से जमीन खरीदी थी। तीन लाख रुपये दाखिल खारिज होने के बाद देने का वादा किया था। इसी दौरान विक्रेता ने स्टे लगा दिया और विक्रेता दाखिल खारिज की फाइल भी उठाकर ले गया। इसके साथ ही भूमि पर भी कब्जा नहीं दिया।
वहीं हल्द्वानी निवासी पूजा कन्याल ने बताया कि उसके पिता ने बाजपुर में आरोपी से भूमि खरीदी थी। आरोप है कि भूमि बेचने वाले अनिल सेन ने उनसे धोखाधड़ी की। मामले में आयुक्त कुमाऊं से शिकायत कर भूमि की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया। जनता दरबार में आयुक्त ने अनिल सेन को दिसंबर 2024 में धनराशि लौटने के लिए अंतिम चेतावनी दी, लेकिन पैसा वापस नहीं लौटाया। वहीं हल्द्वानी निवासी विमला कन्याल ने आरोप लगाया कि वर्ष 2021 में जमीन का सौदा किया था। आरोप है कि जिसमें अनिल सेन ने फर्जी दस्तावेज के आधार पर जमीन बेचकर 67 लाख रुपये हड़प लिए। शिकायत पर कुमाऊं आयुक्त ने अक्तूबर में 15 लाख, नवंबर में 15 लाख रुपये और शेष रकम दिसंबर में देने के आदेश जारी किए थे, बावजूद आरोपी अनिल सेन ने रकम नहीं लौटाई।
प्रेमनगर हल्द्वानी निवासी देवी दयाल ने आयुक्त को बताया था कि वर्ष 2012 में उसके पिता चनीराम ने अनिल सेन से ढाई एकड़ भूमि गांव पहाड़पुर में खरीदी थी। बैनामा भी उसके पिता के नाम हो चुका था। अब उनकी मृत्यु हो चुकी है। आरोपी ने दाखिल खारिज के दस्तावेज नहीं, जमीन कब्जा किए है। जमीन पर मांगने पर आरोपी ने उन्हें धमकाया। पुलिस ने अलग-अलग चारों भूमि की धोखाधड़ी करने के आरोप में अनिल सेन के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जमीनों की धोखाधड़ी के आरोप में अनिल सेन पर चार अलग-अलग केस दर्ज किए हैं। मामले की विवेचना की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई होगी। – प्रवीण कोश्यारी, प्रभारी निरीक्षक बाजपुर
चारों शिकायतकर्ताओं द्वारा योजनाबद्ध तरीके से उन्हें फंसाने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। जबकि मामले को लेकर उनकी पूर्व में वार्ता भी हुई थी, लिखित में समझौता हुआ। राजनीतिक दबाव के चलते उन्हें बदनाम करने की एक सोची समझी साजिश है। इसके विरोध में वह न्यायालय में जाएंगे। अनिल सेन, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष, कांग्रेस बाजपुर