किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर कल्याणी नंद गिरि उर्फ छोटी मां पर गुरुवार रात में आधा दर्जन युवकों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। बीच बचाव करने के दौरान उनकी चार शिष्याएं भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना मेला क्षेत्र के सेक्टर नंबर 16 में हुई बताई जा रही है। सभी घायलों को मेला के केंद्रीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराने के बाद बेली अस्पताल रेफर कर दिया गया है। हमला करने के पीछे कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। हमले के पीछे वर्चस्व की लड़ाई मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर कल्याणी नंद गिरि गुरुवार रात लगभग 10 बजे अपनी शिष्याओं के साथ गाड़ी से शिविर लौट रही थीं। रास्ते में सेक्टर 16 के पास लगभग आधा दर्जन युवकों ने आशीर्वाद लेने के बहाने गाड़ी को रुकवाया। गाड़ी रुकते ही पहले दो युवक आए और चरणस्पर्श कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद अचानक आधा दर्जन युवकों ने चाकू से हमला बोल दिया। कल्याणी नंद गिरि की चीख सुनकर उनकी शिष्याओं ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, तो हमलावरों ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। हमले में कल्याणी नंद गिरि के अलावा राधिका, निशा सहित चार शिष्या गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल पुलिस फोर्स पहुंच गई। हालांकि तब तक हमलावर भाग निकले। सभी घायलों को केंद्रीय अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद एम्बुलेंस से बेली अस्पताल भेज दिया गया।
हमले के बाद किन्नरों में दिखा आक्रोश
महामंडलेश्वर कल्याणी नंद गिरि पर जानलेवा हमले की खबर मिलते ही दर्जनों की संख्या में किन्नर अखाड़े की शिष्याएं केंद्रीय अस्पताल पहुंच गईं। हमले से आहत किन्नरों में कोहराम मचा रहा। उनके अंदर गुस्सा साफ तौर पर दिख रहा था। हालांकि हमला किन लोगों ने किया और किस वजह से किया गया, इसकी पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है।
पांच दिन पहले हिमांगी सखी पर हुआ था हमला
नौ फरवरी की देर रात परी अखाड़े की जगद्गुरु हिमांगी सखी पर एक दर्जन लोगों ने शिविर में घुसकर जानलेवा हमला किया था। आरोप है कि सोने के गहने तक लूट कर ले गए थे। वहीं, बयानबाजी नहीं करने की हिदायत देते हुए जान से मारने तक की धमकी दी गई थी। हिमांगी सखी ने एसएसपी कुम्भ से लिखित शिकायत भी की थी।
अन्नक्षेत्र महाकुभ थाना प्रभारी शंभू सिंह ने बताया, किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर की गाड़ी रोककर चाकू से हमले की सूचना मिली थी। हालांकि पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही हमलावर भाग निकले। सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया गया है। अभी तक तहरीर नहीं मिली है। अज्ञात हमलावरों की तलाश जारी है।