बाजपुर के भगत सिंह चौक पर हुए गड्डों को भरने पर की गई लीपापोती को देख शुक्रवार को नेता प्रतिपक्ष एवं विधायक यशपाल आर्य का पारा बढ़ गया। उन्होंने मौके से ही दूरभाष पर लोनिवि के अधिकारी को सख्त लहजे में सड़क की अच्छे से मरम्मत करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि ये उनकी विधानसभा है और यहां लीपापोती नहीं चलेगी। बता दें कि बरसात के चलते मुख्य सड़क जगह जगह क्षतिग्रस्त हो गई है।
भगत सिंह चौक पर भी गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिनसे हादसे हो रहे हैं। पूर्व में लोनिवि ने यहां कट्टों में रेता बजरी डालकर कार्य की लीपापोती कर दी और गड्डों को भर दिया। शुक्रवार को नेता प्रतिपक्ष क्षेत्र में थे और जब वह यहां से गुजरे तो उन्होंने अपने वाहन को रुकवा लिया।
सड़क की हालत को देखकर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने तुरंत लोनिवि के अधिकारी को फोन किया और सख्त लहजे में कहा कि वह लीपापोती बर्दाश्त नहीं करेंगे। कहा कि सड़क की मरम्मत सिर्फ औपचारिकता तक सीमित न रहे। बल्कि गुणवत्ता के साथ पेंचवर्क कराया जाए। कहा कि जनता के पैसों से हो रहे कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।











