गर्भवती महिलाओं के पतियों को भी कराने होंगे 2 तरह के टेस्ट, हेल्थ डिपार्टमेंट का फैसला

0
2

जिला स्वास्थ्य विभाग ने गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच से जुड़ा एक अहम निर्णय लिया है। अब गर्भवती के साथ पति का भी एचआईवी टेस्ट अनिवार्य रूप से कराया जाएगा। इसके अलावा पुरुष का सिफलिस टेस्ट भी होगा।

इस संबंध में स्वास्थ्य निदेशालय की ओर से निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अब तक केवल गर्भवती महिलाओं की ही एचआईवी जांच की जाती थी, लेकिन नए आदेश के बाद दोनों की जांच सुनिश्चित की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस पहल का मुख्य उद्देश्य एचआईवी संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण करना और इसके वास्तविक कारणों की पहचान करना है। साथ ही यह कदम मां से बच्चे में होने वाले संक्रमण (मदर-टू-चाइल्ड ट्रांसमिशन) को पूरी तरह रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

फरीदाबाद जिला स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि नवजात शिशुओं में एचआईवी और सिफलिस के नए मामलों को शून्य तक लाया जाए, ताकि उन्हें एक स्वस्थ जीवन मिल सके। जिला एचआईव-एड्स नियंत्रण विभाग के अनुसार हर वर्ष तीन से चार बच्चे एचआईवी के साथ जन्म लेते हैं। इस बीमारी के साथ जन्मे बच्चे का जीवन काफी कष्टदायक है।

निजी अस्पताल भी शामिल किए जाएंगे

जिला स्तर पर यह जांच बीके अस्पताल सहित स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर की जाएगी। इसके अलावा निजी अस्पतालों को भी इस प्रक्रिया में शामिल किया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक यह सुविधा पहुंच सके। स्वास्थ्य विभाग ने सभी चिकित्सा संस्थानों को निर्देश दिए हैं कि वे गर्भवती महिलाओं की पहली जांच के समय ही उनके पति का भी परीक्षण सुनिश्चित करें। इससे संक्रमण से बचाव हो सकेगा।

यह फायदा मिलेगा

बीके अस्पताल के चिकित्सकों का मानना है कि कई मामलों में पुरुषों में संक्रमण होने के बावजूद इसकी जानकारी नहीं होती, जिससे गर्भवती और फिर नवजात शिशु प्रभावित हो सकते हैं। ऐसे में पति की जांच को अनिवार्य करने से समय रहते उपचार संभव हो सकेगा और संक्रमण के प्रसार को रोका जा सकेगा।

निर्देशों का पालन सभी के लिए जरूरी

फरीदाबाद के उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरजिंदर सिंह का कहना है कि स्वास्थ्य निदेशालय के निर्देशों का पालन सभी के लिए जरूरी है। लोग अब खुद ही एचआईवी की जांच के लिए आगे आने लगे हैं। गर्भवती के साथ उसके पति की भी एचआईवी जांच कराई जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here