चेतेश्वर पुजारा ने पहले ही बना लिया था संन्यास का मन, खुद बताया क्यों लिया रिटायरमेंट का फैसला

0
121

क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा ने रविवार को क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा की, जिससे उनके शानदार टेस्ट करियर का अंत हो गया। पुजारा ने भारत की तरफ से 103 टेस्ट मैच खेले। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच 2023 में खेला था। पुजारा ने सोशल मीडिया पर संन्यास लेने की घोषणा की। चेतेश्वर पुजारा ने संन्यास के बाद बताया कि उन्होंने अपने संन्यास का फैसला अचानक नहीं किया। इसके लिए उन्होंने पिछले सप्ताह काफी सोच-विचार किया था।

चेतेश्वर पुजारा ने अपने टेस्ट करियर में 43.60 की औसत से 7195 रन बनाए। वह भारत के सर्वकालिक सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों में आठवें स्थान पर हैं। उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 21301 रन भी बनाए हैं। पुजारा ने एएनआई से कहा, ”ये प्लान एक सप्ताह से चल रहा था। मैं पिछले कुछ साल से भारतीय टीम का हिस्सा नहीं रहा हूं लेकिन मैंने सोचा कि ये सही समय है। क्योंकि युवा खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट में मौका मिला है, इसलिए मैंने ये निर्णय लिया।

उन्होंने आगे कहा, ”जब आप ऐसे फैसला लेते हैं, तो आप अपने परिवार और अपने सबसे बड़े खिलाड़ियों से बात करने के बाद ही यह फैसला लेते हैं, इसलिए मैंने सभी से सलाह ली और फिर मैंने फैसला किया कि आगे बढ़ना महत्वपूर्ण है।”

स्टार बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने 2010 से 2023 तक के अपने करियर में 19 शतक और 35 अर्धशतक जमाए। राहुल द्रविड़ के संन्यास लेने के बाद वह विशेष रूप से विदेशी परिस्थितियों में भारतीय टेस्ट टीम की दीवार बन गए। पुजारा का पारंपरिक तरीके का खेल भले ही आकर्षक नहीं लगे लेकिन वह क्रीज पर टिककर खेलने में माहिर थे। गेंदबाजों को थका देने वाली अपनी बल्लेबाजी के कारण उन्होंने 2018 और 2021 में ऑस्ट्रेलिया के दौरे में भारत की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

भारतीय टीम से दूर रहने के दौरान, पुजारा ने कमेंट्री की ओर रुख किया और हाल ही में ब्रिटेन में हुई भारत-इंग्लैंड सीरीज की प्रसारण टीम का हिस्सा रहे। पिछले महीने तक, वह घरेलू क्रिकेट में एक और साल खेलने के लिए प्रतिबद्ध दिख रहे थे और कमेंट्री करते हुए भी अपनी फिटनेस पर ध्यान दे रहे थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here