बाजपुर की रामभवन धर्मशाला में आयोजित तहसील दिवस में एडीएम पंकज उपाध्याय ने लोगों की समस्याओं को सुना। इस दौरान स्थाई, जाति, आय प्रमाण पत्र, सड़क, बिजली, पानी, राशन कार्ड, सिंचाई, आवास, पेंशन, जल जीवन मिशन, चकबंदी सहित 227 शिकायतें पंजीकृत हुई। जिसमें से 52 समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से तहसील दिवसों में प्राप्त जनसमस्याओं व उनके निस्तारण की समीक्षा की व शिकायत कर्ताओं से वार्ता भी की।
उन्होंने कहा कि अधिकारी समस्याओं को गंभीरता से लें व समस्याओं का सरलीकरण, समाधान, संतुष्टि पर कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिए कि जो जन समस्याएं तहसील, विकास खंड स्तर के है उनका उसी स्तर पर समाधान किया जाय ताकि फरियादियों को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगने पड़ें। उन्होंने बीडीसी, जिला पंचायत की बैठकों व तहसील दिवसों में वरिष्ठ अधिकारियों को प्रतिभाग करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने नदी, नालों , सरकारी भूमि पर अतिक्रमण पर पूर्ण रोक लगाने के निर्देश भी दिए। तहसील दिवस में उठी समस्याओं को अधिकारी गंभीरता से लेते हुए त्वरित निस्तारित करना सुनिश्चित करें, यह निर्देश अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री भी जन समस्याओं का समीक्षा करते है। इसलिए तहसील दिवस में पंजीकृत समस्याओं को समय से निस्तारण करते हुये मुख्य मंत्री जन समर्पण पोर्टल पर भी अपलोड करना सुनिश्चित करें। कहा कि आमजन की समस्याओं का निस्तारण सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि तहसील दिवस में उठी जन समस्याओं का व्यक्तिगत रुचि लेकर समाधान करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जो भी छोटी-छोटी समस्याएं आ रही है उन्हे अपने स्तर पर ही समाधान करें ।
उन्होने कहा कि तहसील दिवस में मौके पर जिन समस्याओं का निस्तारण संभव नहीं हो पाया है, उन समस्याओं को सम्बन्धित विभागों को प्रेषित किये जा रहा हैं, उन सभी समस्याओं का समयबद्धता एवं प्राथमिकता से सम्बन्धित अधिकारी निस्तारण करना सुनिश्चित करें।अपर जिलाधिकारी ने किसान बंधुओ की मांग पर कहा कि गत वर्ष से 20 प्रतिशत अधिक धान क्रय केंद्र खोले जाएंगे तथा सभी धान खरीद केंद्रों में सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित किए जाएंगे।
इस मौके पर पूर्व दर्जा राज्य मंत्री राजेश कुमार, गौरव शर्मा, कन्नू जोशी, वीरेन्द्र बिष्ट, एसडीएम डॉ अमृता शर्मा, जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, तहसीलदार अक्षय भट्ट , अधिशासी अभियंता सिंचाई एके जॉन, पेयजल निगम सुनील जोशी, मुख्य उद्यान अधिकारी एस के शर्मा ,जिला युवा कल्याण अधिकारी बीएस रावत, सहायक निदेशक मत्स्य संजय छिमवाल, दुग्ध राजेंद्र सिंह,जिला पर्यटन अधिकारी लता बिष्ट, समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध,अपर सहकारिता अधिकारी बलराज राज, ईओ मनोज दास आदि मौजूद थे।










