डीजे पर डांस के विवाद में युवकों ने की बर्बरता की हद, 3 नाबालिगों को बांध कर पीटा; पिलाई पेशाब

0
538

श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर डीजे पर डांस के विवाद में कुछ युवकों ने बर्बरता की हद कर दी। उन्होंने तीन नाबालिग लड़कों को खंभे से बांधकर लाठी-डंडों से जमकर पीटा। आरोप है कि लड़कों ने प्यास लगने पर पानी मांगा तो उन्होंने पेशाब पिला दी। यही नहीं उनसे चांदी का ब्रेसलेट, मोबाइल और सोने की चेन भी छीन ली। तीनों नाबालिग लड़कों की पिटाई का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि ‘लाइव हिन्दुस्तान’ वायरल हो रहे वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। पीड़ित लड़के के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

मिली जानकारी के अनुसार बस्ती जिले के सोनहा थाना क्षेत्र के जोगिया गांव से एक किशोर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर सिद्धार्थनगर के त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के पड़िया गांव में अपने चाचा के घर आया था। वह अपने दो दोस्तों के साथ डीजे पर डांस देख रहा था। इसी दौरान किसी बात पर विवाद हो गया। इसके बाद गांव के कुछ युवकों ने तीनों को खंभे से बांध कर पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि लड़कों ने पानी मांगा तो उन्हें पेशाब पिला दिया। चांदी का ब्रेसलेट, मोबाइल और सोने की चेन भी छीन ली।

बस्ती से सिद्धार्थनगर आए किशोर के पिता मनोज कुमार मिश्र ने पुलिस को बताया है कि उनकी पाही त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के पड़िया गांव में है। यहां उनके चाचा रामेंद्र प्रसाद मिश्र रहते हैं। जन्माष्टमी पर उन्होंने हम लोगों को सपरिवार बुलाया था। इस पर उनका बेटा अपने दो दोस्तों के साथ 16 अगस्त को आया था। तीनों किशोरवय के हैं। रात में डीजे पर डांस देखने को लेकर गांव के ही कुछ युवकों से विवाद हो गया।

इसके बाद मेरे बेटे और उसके दोनों दोस्तों को रस्सी से बांध कर लाठी-डंडों और बेल्ट से पीटा गया। इससे वे लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जब प्यास लगी और पानी मांगा तो आरोप है कि पेशाब पिला दिया गया। इस दौरान चांदी का ब्रेसलेट, सोने की चेन, मोबाइल छीन लिया। स्कूटी तोड़ कर नाले में फेंक दिया। पीड़ित ने कई लोगों को नामजद और कई अज्ञात के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

क्या बोली पुलिस

इस बारे में पूछे जाने पर त्रिलोकपुर थानाध्यक्ष विपिन सिंह राठौर ने कहा कि उन्हें अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। सीओ डुमरियागंज बृजेश वर्मा ने कहा कि मामले की जानकारी है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। थानाध्यक्ष को केस दर्ज करने के लिए कह दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here