छत्तीसगढ़ की रायपुर पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के बड़े रैकेट का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी नव्या मलिक को गिरफ्तार किया है। नव्या पर शहर के वीआईपी रोड, विधानसभा और मंदिर हसौद रोड स्थित नामचीन होटलों में ड्रग्स सप्लाई करने का आरोप है। पुलिस जांच में सामने आया कि नव्या के कनेक्शन युवा नेताओं, अफसरों के बेटों और एक शराब कारोबारी के पुत्र से हैं। पुलिस ने नव्या से मोबाइल जब्त किए हैं, जिसकी फोरेंसिक जांच शुरू हो चुकी है। वहीं वॉट्सऐप चैट और बैंक ट्रांजेक्शन की जांच से कई लोगों के ड्रग्स लेने की जानकारी मिली है। पुलिस कई और गिरफ्तारियां कर सकती है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है, जल्द ही खुलासे होंगे।
कई बड़े रसूखदारों के नाम
रायपुर में ड्रग्स नेक्सस का बड़ा खुलासा होने के बाद राजनीति भी शुरू हो गई है। पुलिस ने गिरफ्तार युवती नव्या और उसके प्रेमी अयान परवेज को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक नव्या ने कई चौंकाने वाले राज खोले हैं। यह पूरा ड्रग्स नेक्सस रायपुर में कई सालों से संचालित हो रहा था। इस मामले में कई बड़े रसूखदारों के नाम भी शामिल है, लेकिन पुलिस पर नाम को खुलासा नहीं करने का दबाव भी है। रायपुर पुलिस में NDPS एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
ड्रग्स पार्टी के लिए भराए जाते थे ऑनलाइन फॉर्म
सूत्रों के अनुसार राजधानी में आयोजित होने वाली टेक्नो पार्टी और आफ्टर पार्टी में हेरोइन, चरस और एमडीएमए जैसे खतरनाक ड्रग्स आसानी से उपलब्ध कराए जाते थे। ड्रग्स क्लब की सदस्यता के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरना अनिवार्य था, जिसके बाद ही सदस्य को पार्टी में एंट्री मिलती थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि रायपुर में यह नेटवर्क पिछले कई वर्षों से सक्रिय है। इसमें कई बड़े रसूखदारों के नाम सामने आ सकते हैं, लेकिन उन नामों को दबाने के लिए पुलिस पर दबाव बनाया जा रहा है। इस मामले को लेकर प्रदेश की सत्ता में काबिज भाजपा और मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस के बीच जुबानी जंग भी चल रही है।
छत्तीसगढ़ अपराध और नशाखोरी का गढ़ बन गया: बैज
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा सरकार के 21 महीने के कार्यकाल में प्रदेश में ड्रग्स, अफीम, गांजा, हीरोइन, नकली शराब, अवैध शराब बिना रोक-टोक के गली-गली में बिक रहा है, हर चौक चौराहा में नशीली वस्तु बेचने वालों का गैंग है, जिसके चलते प्रदेश में आपराधिक घटनाएं भी बड़ी है। प्रदेश में नशेड़ियों का जमावड़ा हो गया है। सूर्यास्त होने के बाद जिस प्रकार से नशाखोरी हो रहा है, हर वर्ग नशा की ओर आकर्षित हो रहा है, इसकी जिम्मेदारी भाजपा सरकार की है। ये सरकार की असफलता है। यह बेहद चिंता का विषय है सरकार इसे रोकने सख्त कदम उठाए। भाजपा सरकार के राज में छत्तीसगढ़ अपराध और नशाखोरी का गढ़ बन गया है।









