देहरादून मेडिकल कॉलेज हॉस्टल में लेट नाइट पार्टी, डॉक्टर्स ने कपड़े उतार किया हुड़दंग

0
339

देहरादून स्थित दून मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में देर रात पीजी डॉक्टरों द्वारा पार्टी और तेज आवाज में म्यूजिक बजाकर शोर-शराबा करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में देर रात कुछ छात्र-छात्राएं डांस करते दिख रहे हैं। इस दौरान छात्र अर्धनग्न अवस्था में दिखाई दिए थे।

हॉस्टल वार्डन ने पद छोड़ा, गार्ड कमांडर-दो सुरक्षाकर्मी हटाए

मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में पीजी डॉक्टरों की तेज संगीत पर पार्टी, पुलिस से अभद्रता के मामले में प्रिंसिपल ने गार्ड कमांडर और दो सुरक्षा कर्मियों को कोताही बरतने पर हटा दिया है। उधर, इस विवाद के बाद हॉस्टल वार्डन प्रो. डॉ. सुशील ओझा ने भी अपना पद छोड़ दिया। उन्होंने प्रिंसिपल को चिट्ठी लिखकर वार्डन पद पर काम नहीं करने की इच्छा जाहिर की।

प्रिंसिपल डॉ. गीता जैन ने सर्जरी विभाग के एचओडी डॉ. अभय कुमार को नया वार्डन नियुक्त किया है। प्रिंसिपल के मुताबिक, सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन नहीं करने पर गार्ड कमांडर गोविंद सिंह, सुरक्षाकर्मी देवेंद्र प्रसाद और अब्बल सिंह को हटाया गया है।

सिक्योरिटी सुपरवाइजर भरत सिंह नकोटी को भी चेतावनी जारी की गई है। सूत्रों ने बताया कि डॉक्टर पुलिसिया कार्रवाई से बच रहे हैं। उधर, डॉक्टर का कॉलर पकड़ने के विरोध में जूनियर डॉक्टरों की ओर से दूसरे दिन भी काली पट्टी नहीं बांधी गई।

पार्टी करने वाले पंद्रह पीजी डॉक्टर चिन्हित

पीजी हॉस्टल में पार्टी करने वाले अब तक पंद्रह पीजी डॉक्टर चिन्हित हो चुके हैं। एक दिन पहले तक 11 को चिन्हित किया था। मंगलवार को चार और चिन्हित हुए। एक पीजी डॉक्टर को निष्कासित करने के साथ ही दस हजार जुर्माना एवं अन्य पर पांच-पांच हजार जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही छात्रों को चेतावनी पत्र जारी किया गया है।

क्या है पूरा मामला

भाषा के मुताबिक, अधिकारियों ने यहां बताया कि राजकीय दून मेडिकल कॉलेज की प्रिंसिपल गीता जैन ने यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर इस संबंध में वायरल वीडियो पर गठित जांच कमेटी की संस्तुति के आधार पर की गई। प्रदेश के स्वास्थ्य सचिव आर राजेश कुमार को जांच कमेटी की रिपोर्ट में आए तथ्यों से अवगत कराते हुए प्रिंसिपल ने बताया कि 11 अक्टूबर को तड़के ढ़ाई से तीन बजे के बीच हॉस्टल के गेट पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों के पास पुलिस आई और उन्हें हॉस्टल में तेज आवाज में डीजे बजने की शिकायत मिलने की बात कही। इस पर सुरक्षाकर्मी पुलिस को उस कमरे में ले गए जहां डीजे बज रहा था। पुलिस ने कमरे में पहुंचते ही वहां पार्टी कर रहे छात्रों की वीडियो बनानी शुरू कर दी, जिस पर छात्रों और पुलिस के बीच कहासुनी हो गई।

प्रिंसिपल के मुताबिक बात बढ़ने पर पुलिसकर्मियों ने मौके पर अतिरिक्त पुलिस बुला ली, जिसके बाद वे छात्रों को पुलिस चौकी ले जाने के लिए ग्राउंड फ्लोर पर ले आए। इसी दौरान एक बाहरी व्यक्ति भी मौके पर आ गया और उसने घटना की वीडियो बनानी शुरू कर दी। उसी व्यक्ति ने न्यूरो सर्जन डॉ. अमित से बदसलूकी की। हालांकि, प्रिंसिपल ने बताया कि छात्रों ने पुलिस को शोर शराबे वाली पार्टी करने पर खेद जताते हुए भविष्य में ऐसा न करने का लिखित आश्वासन दिया है।

प्रिंसिपल ने कहा कि हॉस्टल के वार्डन को न्यूरो सर्जन डॉ. अमित से बदसलूकी करने तथा घटना का वीडियो बनाने वाले बाहरी व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने को कहा गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here