नैनीताल जिले की दो बहनों ने नौकरी का लालच देकर देहरादून में बंधक बनाने, मानसिक उत्पीड़न करने और 38,500 रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने एक बहन की शिकायत पर मंगलवार को 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हल्द्वानी निवासी युवती ने बीते सात सितंबर को नेहरू कॉलोनी थाने में तहरीर दी। आरोप लगाया कि उनकी छोटी बहन 15 जुलाई को देहरादून में नेहरू कॉलोनी क्षेत्र स्थित ‘न्यूविजन शॉपर्स लाइफस्टाइल प्राइवेट लिमिटेड’ कंपनी में नौकरी करने आई। आरोप है कि 15 जुलाई से 21 अगस्त तक कंपनी में उसे बंधक बनाकर रखा। विभिन्न लालच दिए और 38,500 रुपये ले लिए।
बड़ी बहन को भी लालच देकर बुलाया
पैसे की मांग बढ़ी तब पीड़िता की बड़ी बहन को बिलिंग के काम के लिए बीस हजार रुपये महीना देने का झांसा देकर दून बुला लिया गया। दूसरी बहन 18 अगस्त को दून पहुंचकर कंपनी में काम करने वाली किरण टम्टा और बबीता जोशी के रूम पर पहुंचीं। वहां पूजा नेगी नाम की महिला ने किराये और रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर 3,000 रुपये लिए। इसके बाद सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक एक क्लास में भेजा गया।
इसके बाद दी शिकायत में कंपनी के पवन पांडे, ईश्वर पांडे, नयन टम्टा, कृष्णा टम्टा, गणेश मेहरा, प्रदीप जलाल, बबीता जोशी, किरण टम्टा, दीक्षा पांडे, शीतल अधिकारी और चंदू पांडे पर आरोप लगाए। एसओ नेहरू कॉलोनी संजीत कुमार ने शिकायत पर पहले जांच की गई। इसमें बंधक बनाने के बजाए नौकरी का झांसा देकर रुपये ठगने और धमकी देने के साक्ष्य मिले। इस आधार पर सोमवार को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।










