उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मंदिर में प्रसाद लेने गई बच्ची की गन्ने के खेत में खून से लथपथ लाश मिली है। बच्ची का शव उसके घर से 50 मीटर दूर मिला। बच्ची की निर्मम हत्या से पहले रेप की आशंका जताई जा रही है। उधर, इलाके में घटना को लेकर आक्रोश है। लोगों ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी से पहले शव उठाने नहीं दिया।
मामला उधम सिंह नगर जिले के जसपुर का है। मंगलवार को 14 साल की मासूम की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। ग्रामीणों ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अस्पताल से शव नहीं उठने दिया। इसके बाद हाईवे पर जाम लगा दिया।
मंदिर में प्रसाद लेने गई थी बच्ची
जसपुर के एक गांव मे 14 साल की किशोरी दोपहर को एक धार्मिक स्थल पर प्रसाद लेने के लिए गई थी, लेकिन वह चार बजे तक घर नहीं लौटी। इसी समय किसी ग्रामीण ने गन्ने के खेत में एक शव पड़े होने की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
पीछे-पीछे ग्रामीण भी अस्पताल पहुंच गए। और शव पोस्टमार्टम को नहीं जाने दिया। काफी हंगामे के बाद विधायक आदेश चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, किसान नेता सुरजीत ढिल्लो के समझाने के बाद ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम के लिए शव काशीपुर भिजवाया, लेकिन इसके बाद ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया।










