प्रेमिका से मिलने जाना प्रेमी को उस वक्त भारी पड़ गया, जब युवती के परिजनों ने युवक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई लगा दी। मामला उत्तर प्रदेश के संभल में रजपुरा थाना क्षेत्र का है। जहां रिश्तेदारी में आया युवक प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंच गया। युवती के परिजनों ने युवक को पकड़ लिया। जिसके बाद युवती के परिजनों ने युवक की पशु को बांधने वाले खूंटे से बांधकर जमकर पिटाई की। युवक को खूंटे से बांधकर पिटाई करने का वीडियो वायरल हो गया।
वीडियो वायरल होना युवती के परिजनों को महंगा पड़ गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस एक्शन में आ गई। जिसके चलते पुलिस ने युवती के परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। धनारी क्षेत्र के गांव रुस्तमपुर निवासी युवक की रजपुरा क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर खागी में रिश्तेदारी है। युवक चार नवंबर को रिश्तेदारी में गया था।
युवक का रिश्तेदारी में ही एक युवती से काफी समय से प्रेम-प्रसंग चला आ रहा था। युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंच गया। युवती के परिजनों ने दोनों को प्रेमालाप करते हुए पकड़ लिया। गुस्साए युवती के परिजनों ने घर में घुसे युवक को पशु बांधने वाले खूंटे से बांध दिया और जमकर पिटाई की। प्रेमी युवक माफी मांगने लगा, तो युवती के परिजनों ने बगैर कार्रवाई किए ही उसे छोड़ दिया। युवक को खूंटे से बांधकर पिटाई करने का वीडियो वायरल हो गया।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने पर पीड़ित थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि रूस्तमपुर निवासी युवक की तहरीर पर भीकमपुर जैनी निवासी श्यौराज व चरन सिंह के अलावा सिकंदरपुर खागी निवासी होरीलाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।









