हमीरपुर के राठ में एक व्यक्ति ने कुरकुरे खिलाने के बहाने छह साल की बच्ची से दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। फतेहपुर में सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में चार गिरफ्तार हुए हैं जबकि हुसैनगंज में महानिरीक्षक के हस्तक्षेप के बाद दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ। वहीं हुसैनगंज में चार नाबालिगों ने एक 10 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म किया।
कुरकुरे खिलाने के बहाने घर ले जाकर छह वर्षीय कक्षा दो की छात्रा के साथ एक युवक ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दे डाला। घटना के बाद आरोपित फरार हो गया है। वहीं मासूम बच्ची के पिता ने इस संबंध में थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मासूम छात्रा को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है और पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी हुई है।
कोतवाली के एक गांव निवासी युवक ने बताया कि वह मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। उसकी छह वर्षीय पुत्री गांव में कक्षा दो की छात्रा है। बुधवार की शाम करीब पांच बजे 45 वर्षीय पड़ोसी युवक उसकी पुत्री को कुरकुरे के बहाने अपने घर पर ले गया और उसकी मासूम पुत्री के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दे डाला। बेटी की हालत खराब देख स्वजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। पुलिस अधीक्षक डा.दीक्षा शर्मा का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
रिपोर्ट : शिवम् द्विवेदी, हमीरपुर, उत्तर प्रदेश