बहुचर्चित अर्जुन शर्मा हत्याकांड में मास्टरमाइंड मां पर गैंगस्टर की तैयारी, 4 अन्य आरोपियों पर भी शिकंजा

0
135

देहरादून के बहुचर्चित अर्जुन शर्मा हत्याकांड के सूत्रधारों पर पुलिस कानूनी शिकंजा और कसने जा रही है। मामले में कत्ल की साजिश रचने वाली अर्जुन की मां बीना शर्मा, उनके करीबी विनोद उनियाल और डॉ. अजय खन्ना, दोनों शूटरों पर पुलिस गैंगस्टर एक्ट लगाने जा रही है। 11 फरवरी को बदमाशों ने दिनदहाड़े अर्जुन की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्याकांड में मास्टरमाइंड अर्जुन की मां निकली। मां-बेटे के बीच अनबन की वजह करोड़ों का संपत्ति विवाद था।

बीते 11 फरवरी को दून में अर्जुन शर्मा की परेड ग्राउंड के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि हत्याकांड में अर्जुन की मां, विनोद उनियाल और डा. अजय खन्ना अहम किरदार हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि अर्जुन का मां और अन्य आरोपियों से संपत्ति और लेनदेन का विवाद पुराना है।

संपत्ति विवाद

पूर्व में भी इनके पारिवारिक और संपत्ति विवादों को लेकर बसंत विहार थाने में मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। गैंगस्टर की कार्रवाई के लिए तथ्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस चार्जशीट का सबसे अहम हिस्सा भाड़े के शूटरों पंकज, राजीव व विनोद उनियाल के बीच संपर्क को बनाया जा रहा है। व्हाट्सऐप चैट, रेकी के दौरान खींची गई कार की फोटो और कॉल डिटेल्स को चार्जशीट में शामिल किया जा रहा है ताकि कोर्ट में में हत्यारोपियों को बचाव का लूपहोल न मिल सके।

जेल में बंद डॉ. खन्ना अध्यक्ष बने रहेंगे

देहरादून। अर्जुन शर्मा हत्याकांड में जेल में बंद डॉ. अजय खन्ना इंडियन मेडिकल एसो. के प्रांतीय अध्यक्ष बने रहेंगे। उनकी अनुपस्थिति में वरिष्ठ उपाध्यक्ष उनका कामकाज देखेंगे। बता दें कि गैस एजेंसी संचालक अर्जुन शर्मा की दो शूटरों ने एक माह पहले गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद से दोनों शूटरों समेत अर्जुन की मां, उनका करीबी विनोद उनियाल, डॉ. खन्ना जेल में बंद है। प्रांतीय सचिव डॉ. डीडी चौधरी ने कहा कि दोष सिद्ध होने तक उन्हें नहीं हटाया जा सकता।

अर्जुन शर्मा हत्याकांड

देहरादून के तिब्बती मार्केट क्षेत्र में 11 फरवरी को दिनदहाड़े हुए व्यवसायी अर्जुन शर्मा हत्याकांड ने शहर को झकझोर दिया था। अमरदीप गैस एजेंसी के मालिक अर्जुन शर्मा को सुबह करीब साढ़े दस बजे स्कूटी सवार दो बदमाशों ने गोली मार दी थी। व्यस्त बाजार क्षेत्र में हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम की परतें खोलीं। इसी जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे पारिवारिक संपत्ति को लेकर चल रहा विवाद मुख्य वजह था। पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के चलते आरोपियों ने शूटरों को सुपारी देकर अर्जुन शर्मा की हत्या की साजिश रची थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here