रविवार देर रात हृदय विदारक हादसे में 23 दिन के मासूम की दम घुटने से मौत हो गई। मासूम मां-पिता के बीच में सो रहा था। माना जा रहा है कि गहरी नींद में, जाने-अनजाने में दोनों में से किसी की करवट का दबाव पड़ा और मासूम का दम घुट गया। जब तक मां की आँख खुली, तब तक उसका जिगर का टुकड़ा निढाल हो चुका था। जीवन की आस में परिजन बच्चे को लेकर सीएचसी पहुंचे, लेकिन चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मार्मिक घटना ने केवल परिवार को ही नहीं, बल्कि समूचे गांव को चीत्कार से भर दिया है। अब मां-बाप एक-दूसरे को देख रहे हैं, और सवाल कर रहे हैं कि आखिर उनकी किस गलती ने उनके घर का यह इकलौता चिराग बुझा दिया। सीएचसी पर आपस में भिड़े माता-पिता ने एक-दूसरे पर लापरवाही के आरोप लगाए। मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।
यूपी के मुरादाबाद में गजरौला के सिहाली जागीर गांव निवासी एक युवक की पत्नी ने 23 दिन पहले ही एक बच्चे को जन्म दिया था। बताया जा रहा है कि रविवार देर शाम दंपत्ति बेड पर सो रहे थे और उनके बीच में ही 23 दिन का नवजात भी सोया हुआ था।
रात करीब आठ बजे नवजात की मां ने उठकर देखा तो बच्चा बेड पर निढाल पड़ा था। यह देखते ही घबराई महिला के शोर मचाने पर परिवार के लोग भी जाग गए। आनन-फानन में नवजात को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इससे दुखी पति-पत्नी दहाड़ मारकर रोने लगे। अस्पताल परिसर में ही दोनों ने एक-दूसरे की गलती से नवजात के दबने और मौत होने का आरोप लगाते हुए झगड़ना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद परिवार के लोगों और अन्य लोगों ने किसी तरह समझा बुझाकर दोनों को शांत कराया। इसके बाद सभी लोग गमगीन होकर अपने घर को लौट गए।
नवजात की मौत का मामला क्षेत्र में आम लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बना हुआ है। सीएचसी प्रभारी डॉ. योगेंद्र सिंह ने बताया कि नवजात के परिजनों ने खुद को क्षेत्र के गांव सिहाली का निवासी बताया है। जांच में सामने आया है कि दम घुटने से नवजात की मौत हुई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।
शादी के चार साल बाद परिवार में गूंजी थी किलकारी
गजरौला। बताया जा रहा है कि शादी के करीब चार साल बाद दंपति के घर में किलकारी गूंजी थी लेकिन उसे भी होनी ने छीन लिया। केवल 23 दिन में ही महिला की गोद सूनी हो जाने से परिवार में गम का माहौल है। पति-पत्नी जहां अपने नसीब को कोस रहे हैं तो वहीं परिवारजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।











