पाकिस्तान ने एशिया कप 2025 के 10वें मुकाबले में यूएई पर 41 रनों से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ पाकिस्तान ने एशिया कप 2025 के अगले राउंड यानी सुपर-4 के लिए क्वालीफाई किया। हालांकि पॉइंट्स टेबल में पाकिस्तान की टीम भारत को तीन मैच खेलने के बावजूद नहीं पछाड़ पाई।
पाकिस्तान ने ग्रुप स्टेज का अंत दूसरे पायदान पर रहते हुए किया, वहीं भारत का अभी एक और मैच बाकी है। एशिया कप सुपर-4 में अभी तक सिर्फ भारत और पाकिस्तान की टीमें ही क्वालीफाई कर पाई है, बाकी दो टीमों का फैसला आज श्रीलंका वर्सेस अफगानिस्तान मैच से होगा। आईए एक नजर एशिया कप की पॉइंट्स टेबल पर डालते हैं-
एशिया कप 2025 ग्रुप-ए पॉइंट्स टेबल
पाकिस्तान और यूएई की टीम ने अभी तक ग्रुप-ए में अपने सभी तीनों मैच खेल लिए हैं। तीन में से दो जीत के साथ पाकिस्तान ने ग्रुप स्टेज का अंत दूसरे पायदान पर रहते हुए किया। भारत और पाकिस्तान के खाते में फिलहाल 4-4 अंक है, मगर बेहतर नेट रन रेट होने की वजह से टीम इंडिया नंबर-1 पर है। बता दें, भारत ने अभी तक ग्रुप स्टेज के दो ही मैच खेले हैं, टीम इंडिया का तीसरा और आखिरी मैच ओमान से 19 सितंबर को है।
एशिया कप 2025 ग्रुप-बी पॉइंट्स टेबल
हर बार की तरह इस बार भी एशिया कप ग्रुप-बी की पॉइंट्स टेबल रोमांचक हो रखी है। श्रीलंका अपने दो में से दो मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में नंबर-1 बनी हुई है। वहीं बांग्लादेश दूसरे तो अफगानिस्तान तीसरे पायदान पर है। इन तीन में से दो टीमें सुपर-4 के लिए क्वालीफाई करेगी। ग्रुप-बी का सुपर-4 क्वालिफिकेशन आज SL vs AFG मैच के बाद हो जाएगा।











