माइक्रोसाफ्ट के फाउंडर बिल गेट्स कराएंगे धान की खेती, इस जिले में शोध शुरू

0
159

अमेरिकी उद्योगपति और माइक्रोसाफ्ट के फाउंडर बिल गेट्स यूपी में धान की खेती कराएंगे। उनकी संस्था बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन (बीएमजीएफ) की मदद से आजमगढ़ के कृषि विज्ञान केंद्र कोटवां में हाइब्रिड धान की 27 किस्मों पर शोध शुरू हुआ है। भारतीय चावल अनुसंधान संस्थान हैदराबाद की मदद से यहां धान की अलग-अलग किस्मों की नर्सरी लगाई गई है। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक पूर्वांचल के जिलों के मौसम के अनुकूल धान की स्थानीय किस्मों के साथ तुलनात्मक अध्ययन करेंगे। इसके बाद बेहतर प्रजाति का चयन कर धान का नया बीज पूर्वांचल के किसानों को उपलब्ध कराया जाएगा।

कृषि विज्ञान केंद्र कोटवां में विदेशी सहायता से प्राप्त परियोजना का शुभारंभ हुआ है। पूर्वी भारत में धान की हाइब्रिड एवं उच्च उत्पादक किस्मों का परीक्षण शुरू हुआ है। इस योजना को बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन (बीएमफजीएफ) से वित्तीय मदद दी जा रही है। यह परियोजना भारतीय कृषि अनुसंधान परिसर (आईसीएआर) नई दिल्ली, भारतीय चावल अनुसंधान संस्थान (आईआईआरआर) हैदराबाद से कृषि विज्ञान केंद्र कोटवां को परीक्षण के लिए दी गई है।

कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. अखिलेश कुमार यादव और डॉ. दिव्या सिंह तीन साल तक धान की 27 प्रजातियों का स्थानीय किस्मों के साथ तुलनात्मक अध्ययन करेंगे। इस परियोजना का उद्देश्य पूर्वी भारत में किसानों के लिए उन्नत, अधिक उत्पादन देने वाली एवं जलवायु अनुकूल धान की किस्मों की पहचान कर उनकी खेती कराना है।

अच्छी प्रजाति से सुधरेगी किसानों की दशा, बेहतर होगा उत्पादन

कृषि विज्ञान केंद्र कोटवा में चल रहे शोध के बाद अच्छी प्रजाति के धान का चयन होगा। इससे पूर्वांचल के किसानों की दशा सुधरेगी और बेहतर उपत्पादन होगा। प्रत्येक किस्म के धान के परीक्षण के लिए पांच मीटर लंबा और दो मीटर चौड़ा प्लाट बनाया गया है। बीज की नर्सरी करीब तैयार हो गई है। जल्द ही इसकी रोपाई की जाएगी। परियोजना के सफल क्रियान्वयन से पूर्वी उत्तर प्रदेश के किसानों को उन्नत धान किस्में उपलब्ध कराई जाएंगी। जिससे खाद्य सुरक्षा सुदृढ़ होगी एवं धान उत्पादन में सतत वृद्धि होगी।

परोपकारी संस्था है बीएमजीएफ

बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन (बीएमजीएफ) दुनिया का सबसे बड़ा निजी परोपकारी फाउंडेशन है। जिसकी स्थापना माइक्रोसाफ्ट के सह संस्थापक अमेरिका के अरबपति बिल गेट्स और उनकी पत्नी मेलिंडा गेट्स ने की थी। इसे 2000 में लॉन्च किया गया था। इसका उद्देश्य स्वास्थ्य में सुधार, गरीबी को कम करना, शिक्षा और सूचना प्रौद्योगिकी तक पहुंच का विस्तार करना है। पति से तलाक के बाद मिलिंडा गेट्स ने इस संस्था के सह अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि उन्होंने इसका सदस्य बने रहने की घोषणा की थी।

कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉक्टर अखिलेस यादव के अनुसार बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन (बीएमजीएफ) के सहयोग से कृषि विज्ञान केंद्र में धान की 27 प्रजातियों पर परीक्षण शुरू किया गया है। इस परियोजना के सफल क्रियान्वयन से पूर्वी उत्तर प्रदेश के किसानों को उन्नत धान की किस्में उपलब्ध कराई जाएंगी। जिससे खाद्य सुरक्षा सुदृढ़ होगी एवं धान उत्पादन में वृद्धि होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here