यूरिया खाद की कालाबाजारी की शिकायत के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीम अमृता शर्मा ने राजस्व व कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ खाद की दुकानों पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान एक दुकान में भारी कमी पाई गई। जिसके चलते टीम ने दुकान को सील कर दिया।
बता दें कि बाजपुर के किसानों द्वारा समय से खाद उपलब्ध नहीं होने की शिकायत अधिकारियों से की जा रही थी। जिसके चलते कुछ किसानों द्वारा यूरिया खाद की कालाबाजारी की भी शिकायत अधिकारियों से की थी। यूरिया खाद की कालाबाजारी की शिकायत मिलने के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर बाजपुर में खाद की दुकानों पर छापेमारी अभियान चलाया गया।
इसी के चलते बाजपुर एसडीएम अमृता शर्मा के नेतृत्व में तहसीलदार अक्षय कुमार भट्ट और एडीओ कृषि नरेंद्र सिंह मेहता ने राजस्व विभाग की टीम के साथ गोयल फर्टिलाइजर और रामनिवास फर्टिलाइजर पर छापेमारी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान गोयल फर्टिलाइजर पर नीम कोटेड यूरिया के मात्र चार कट्टे पाए गए, जबकि ऑनलाइन रिकॉर्ड में 858 कट्टे नजर आए। नीम कोटेड यूरिया के कट्टों में भारी अंतर पाए जाने पर एसडीएम अमृता शर्मा ने गोयल फर्टिलाइजर को सील कर दिया।
जबकि रामनिवास फर्टिलाइजर पर कोई अनियमिताएं नहीं पाई गई। प्रशासन की छापेमारी से क्षेत्र के खाद विक्रेताओं में हड़कंप मच गया और कई खाद विक्रेता अपने प्रतिष्ठानों को बंद कर मौके से फरार हो गए।
इस दौरान एसडीएम अमृता शर्मा ने बताया कि यूरिया खाद की कालाबाजारी की लगातार शिकायतें मिल रही थी। जिसके चलते जिलाधिकारी के निर्देश पर छापेमारी अभियान चलाया गया है। उन्होंने बताया कि यूरिया खाद के कट्टों में भारी अंतर पाए जाने पर गोयल फर्टिलाइजर को सील किया गया है और इसकी जांच रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी जाएगी।










