राजाओं की महफिल में तवायफ नाचती थीं… महिला डांसर पर नोट उड़ाने वाले पूर्व भाजपा विधायक चैंपियन

0
22

रुड़की में एक शादी समारोह के दौरान खानपुर से पूर्व भाजपा विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन ने वायरल वीडियो मामले में सफाई दी है। सोशल मीडिया पेज पर कुंवर प्रणव अपने चिर-परिचित अंदाज में नजर आए। उन्होंने उन आरोपों को झूठा करार दिया कि चैंपियन डांसर के साथ थिरक रहे थे। उन्होंने कहा कि पहले राजा-महाराजा के सामने तवायफ डांस किया करती थीं और राजा उन्हें इनाम देते थे। चैंपियन ने कहा कि वह भी राजा-महाराज के परिवार से आते हैं और इसमें कुछ गलत नहीं है। उन्होंने कहा कि 60 साल की उम्र में भी 54 इंच का सीना है… मेरा कोई कुछ बिगाड़ नहीं सकता। झूठे आरोप लगाकर मेरा फर्जी वीडियो इंटरनेट पर डालने वालों के खिलाफ केस करूंगा।

मुकदमा करूंगा और सुप्रीम कोर्ट तक लडूंगा

चैंपियन वीडियो में कह रहे हैं, “भाई हद हो गई… जब हमारा जलवा चला तो विपक्ष के हौसले इतने पस्त हो गए कि अपना ईमान भी मार लिया। झूठा वीडियो इंटरनेट पर डाल रहे हैं। मैं महादेव का भक्त हूं… मेरा कोई कुछ बिगाड़ नहीं सकता। जिसने मेरा यह वीडियो इंटरनेट पर डाला है, उसके खिलाफ मुकदमा करूंगा और सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई होगी। अरे मैं कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन हूं। ये 54 इंच का सीना, 60 साल में यह ताकत… ऐसे ही नहीं है। ये चरित्रवान होने से है।”

30 साल विधायक रहा हूं, कोई मेरा कुछ बिगाड़ नहीं सकता- चैंपियन

कुंवर चैंपियन ने कहा कि “चैंपियन 30 साल विधायक रहा। कोई पेट्रोल पंप नहीं, कोई गैस एजेंसी नहीं, कोई होटल नहीं, कोई व्यवसाय नहीं। कोई प्रॉपर्टी डीलर नहीं, कोई फिरौती नहीं… ईश्वर की अनुकंपा है, राज परिवार से हूं। कई करोड़ साल में जनता के हित में लगाता हूं। अपनी हजारों बीजा भूमि है…उससे जो मिलता है, उससे दो वक्त की रोटी मिल जाती है, लेकिन कम किसी से नहीं हूं।”

राजाओं की महफिल में तवायफ नाचती थीं…

चैंपियन का कहना है, “ये लोग मुझे क्या नीचा दिखाएंगे। राज परिवार से हूं। हमारे यहां तो बचपन से देखा गया। खुले में शराब परोसी जाती थी। खुले में हर्ष फायरिंग होती थी। अब यह बैन हो चुका है। और नाचने के लिए… ये वेश्याएं नहीं हुआ करती थी। ये तवायफ हुआ करती थीं। इनका प्रोफेशन ही नाचना हुआ करता था। ये राजाओं की महफिल में नाचा करती थीं। ऐसे ही बारात थी कल। वो नाचने वाली पार्टी थी वहां। वो बेचाए… उन्होंने देखा कि राणा साहब आ गए… गरीब लोग इनाम की अपेक्षा करते हैं। हमनें 5-7 हजार रुपए दे दिए.. क्या बुरा किया! ये चरित्र पर लांचन कैसे हो गया?”

चैंपियन चरित्रवान है

चैंपियन ने आगे कहा, “उसके ऊपर से झूठे आरोप कि जो व्यक्ति नाच रहा है, वो पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन है। चैंपियन एक्स राजा लंढौरा… चार बार का पूर्व विधायक, तीन बार का कैबिनेट मंत्री दर्जा और एक किसान और ईमानदार, बलवान… लाल सूट पहनकर बैठा हुआ है। जो नाच रहा है वो कोई और है। तुम जैसे नालायकों के कहने से कभी मेरी छवि को नुकसान नहीं हो सकता। दुनिया जानता है कि चैंपियन चरित्रवान है, जैसे और नेता घूम रहे हैं।”

मामला क्या है

मिली जानकारी के मुताबिक वीडियो रुड़की के दिल्ली रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित शादी समारोह का है। कार्यक्रम में डांस के लिए महिला डांसरों को बुलाया गया था। मंच पर प्रस्तुति के दौरान पूर्व विधायक चैंपियन भी नजर आए और उन्होंने डांसर पर नोट उड़ाए। जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर सामने आया, वह तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में चैंपियन अपने पुराने दबंग अंदाज में दिखाई दे रहे हैं, जिस पर अब सोशल मीडिया में अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here