एक किशोरी रात को अपने प्रेमी के घर जा पहुंची। दरवाजे पर बैठकर वह प्रेमी से शादी की जिद करने लगी। घर के बाहर घंटों तक शादी के लिए अड़ी रही। प्रेमी के घर से जब कोई नहीं निकला तो प्रेमिका ने दरवाजा पीटना शुरू कर दिया। रात को शुरू हुए हंगामे के चलते प्रेमी समेत पूरे मोहल्ले वालों की नीदं हराम हो गई। मौके पर भीड़ लग गई। प्रेमिका को समझाने का भी कोई फायदा नहीं हुआ। इसके बाद प्रेमी ने किशोरी की मां को फोन किया। रात में ही किशोरी की मां और उसकी बड़ी बहन पहुंची। किशोरी को अपने साथ ले गईं।
घटना बीती रात लगभग 11 बजे की है। यूपी के शाहजहांपुर के पुवायां के एक मोहल्ले की किशोरी अपने प्रेमी से मिलने उसके गांव पहुंच गई। उस समय प्रेमी और उसके परिवार के सदस्य सो रहे थे। किशोरी ने पहले आवाज दी और दरवाजा न खुलने पर जोर-जोर से दरवाजा पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर प्रेमी के परिजन और आसपास के ग्रामीण घरों से बाहर आ गए। जब उनसे पूछताछ हुई तो किशोरी ने स्पष्ट कहा कि उसकी शादी प्रेमी से तय हुई थी और वह उसी के साथ विवाह करना चाहती है।
वहीं युवक ने बताया कि पहले किशोरी के परिजनों से शादी की बात हुई थी लेकिन बाद में उसकी मां ने इनकार कर दिया। युवक ने तुरंत किशोरी की मां को फोन कर बताया कि उनकी पुत्री गांव में आकर उत्पात मचा रही है। यह सुनकर किशोरी गुस्से में आ गई और युवक को धमकाने लगी। कुछ देर बाद किशोरी की मां अपनी बड़ी बेटी के साथ मौके पर पहुंचीं और समझाने का प्रयास किया। लेकिन किशोरी किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुई और केवल शादी की जिद पर अड़ी रही। लगभग पांच घंटे तक ग्रामीणों और परिजनों के बीच समझाने-बुझाने का दौर चला। आखिरकार किशोरी अपनी मां और बहन के साथ घर लौटने को तैयार हुई। लंबे समय तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद ग्रामीणों और युवक के परिजनों ने राहत की सांस ली। घटना पूरे गांव में चर्चा का विषय बनी रही।
प्रेमिका से मिलने घर में घुसे बरेली के युवक को पकड़ा
वहीं पीलीभीत में रात में प्रेमिका से मिलने के लिए घर में घुस रहे एक युवक को परिजनों ने पकड़ लिया। उसकी जमकर धुनाई लगाई। उसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया। थाना सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती का बरेली के रहने वाले युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पांच साल से दोनों में फोन पर बातें हो रहीं थीं। इस दौरान युवक कई बार प्रेमिका से मिलने आया। शनिवार को भी प्रेमिका ने युवक को पिता के घर से बाहर होना बताकर बुला लिया। देर शाम युवक प्रेमिका के घर में घुस रहा था। अनजान युवक को घर में घुसते युवती के ताऊ ने देख लिया। उन्होंने शोर शराबा कर अन्य परिजनों को बुलाकर युवक को पकड़ लिया। उसके बाद पूछताछ करते हुए युवक की लात घूसों से जमकर पिटाई लगाई। युवक बरेली जनपद के शेरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव गहलुइया गांव का रहने वाला है। पूछताछ के बाद युवती के परिजनों ने युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। इंस्पेक्टर संजय कुमार ने बताया कि एक युवक घर में घुसते पकड़ा गया। युवक से पूछताछ की गई। उसके खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की जा रही है।










