विधायक ने काटे ऊर्जा निगम के अधिकारियों के कनेक्शन, क्षेत्र में बिजली प्रभावित रहने से थे नाराज

0
225

रुड़की क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति प्रभावित रहने से नाराज झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाती समर्थकों के साथ रुड़की पहुंचे और ऊर्जा निगम के अधिकारियों के सरकारी आवासों की बिजली काट दी। अधिकारियों ने विधायक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी है।

झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाती ने 20 दिन पहले अधीक्षण अभियंता कार्यालय आकर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं होने पर नाराजगी जाहिर की थी। विधायक ने बताया था कि झबरेड़ा में 8 से 10 घंटे तक रोजाना बिजली कटौती की जा रही है। कहा था कि जल्द बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं किया गया तो वह अधिकारियों के कनेक्शन काटेंगे।

बुधवार सुबह 8.30 बजे विधायक समर्थकों के साथ रुड़की पहुंचे और ऊर्जा निगम के अधिकारियों के आवास के कनेक्शन काट दिए। चेतावनी दी कि यदि अब भी बिजली आपूर्ति बेहतर नहीं हुई तो हाइटेंशन लाइन काट देंगे।

वहीं, अधीक्षण अभियंता विवेक राजपूत का कहना है कि ऊर्जा निगम की ओर से सुधारात्मक कार्य किए जा रहे हैं, ऐसे में रोस्टिंग करनी पड़ती है, हालांकि इसकी सूचना पूर्व में ही दे दी जाती है।

एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि विद्युत वितरण उपखंड प्रथम एसडीओ आकाश सिंह की ओर से रुड़की कोतवाली में तहरीर दी गई थी। जिसके आधार पर झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाती और उनके समर्थकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here