लोगों की जान के साथ खिलवाड़ कर रहे निजी अस्पतालों पर बाजपुर एसडीएम अमृता शर्मा ने स्वास्थ्य व राजस्व विभाग की टीम के साथ छापेमारी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान टीम ने अवैध रूप से संचालित हो रहे दो निजी अस्पतालों को सील कर दिया, जबकि एक निजी अस्पताल में अनियमितताएं पाए जाने पर टीम ने अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर को सील किया है। निजी अस्पतालों पर टीम की कार्यवाही से क्षेत्र के निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया और कई निजी अस्पताल संचालक अस्पताल बंद कर मौके से फरार हो गए।
बता दे कि बाजपुर में बिना रजिस्ट्रेशन और चिकित्सकों के निजी अस्पतालों के संचालित होने की लगातार शिकायतें एसडीएम अमृता शर्मा को मिल रही थी। इसी के चलते एसडीएम अमृता शर्मा ने तहसीलदार अक्षय कुमार भट्ट, सीएमएस डॉक्टर पी ड़ी गुप्ता और राजस्व व स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ तीन निजी अस्पतालों में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान टीम ने शिवाय नर्सिंग होम और श्री कृष्णा कुमार अस्पताल में अनियमितताएं पाए जाने पर सील कर दिया। वहीं टीम ने एक निजी अस्पताल में में छापेमारी की जहां अस्पताल संचालक द्वारा दस्तावेज नहीं दिखाए गए जिसके चलते टीम ने अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर को सील कर दिया।
इस दौरान एसडीएम अमृता शर्मा ने बताया कि बाजपुर में कुछ निजी अस्पताल के संचालकों द्वारा लोगों की जान के साथ खिलवाड़ किए जाने की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही थी। जिसके चलते छापेमारी अभियान चलाया गया है। उन्होंने बताया कि दो निजी अस्पतालों को सील कर दिया गया है, जबकि एक निजी अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर को सील किया गया है। उन्होंने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।











