उत्तराखंड में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तरपुस्तिकाओं में कई छात्रों ने खराब तबियत का जिक्र कर शिक्षकों से बेहतर नंबर देने का अनुरोध किया है। अंग्रेजी के पेपर में तो एक दर्जन से अधिक छात्रों ने हाथ में चोट लगने की वजह से हैंड राइटिंग खराब होने की बात लिखी है। छात्रों का जवाब देखकर शिक्षक भी हैरान हैं।
इमोशनल कार्ड भी खेला
गणित व अन्य विषयों में किसी ने सिर दर्द, बुखार का बहाना बनाया है तो कुछ कॉपियों में फेल होने पर भविष्य खराब होने की बात लिखकर परीक्षार्थियों ने इमोशनल कार्ड भी खेला। उत्तर पुस्तिकाओं में छात्रों की लिखी बातें पढ़कर शिक्षक भी हैरत में हैं। बता दें कि उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की देखरेख में 29 मूल्यांकन केंद्रों में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तरपुस्तिकाएं जांचने का काम चल रहा है।
बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार करीब पांच हजार शिक्षक मूल्यांकन कर रहे हैं। अब तक 50 प्रतिशत से अधिक उत्तरपुस्तिकाएं जांची जा चुकी हैं। बताया कि 27 मार्च से शुरू हुए मूल्यांकन का कार्य 10 अप्रैल तक चलेगा। सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने बताया, निर्धारित समय के अनुसार कॉपियों की जांच की जाएगी। इसके बाद ही रिजल्ट की तैयारियां होंगी।
10 अप्रैल तक मूल्यांकन
विद्यालयी शिक्षा परिषद के सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने कहा कि मूल्यांकन कार्य बेहतर ढंग से चल रहा है। छात्रों को उनकी मेहनत के अनुसार नंबर मिलेंगे। कुछ छात्र बुखार, हाथ में दर्द आदि का हवाला दे रहे हैं। 10 अप्रैल तक मूल्यांकन का कार्य चलेगा।
1184815 उत्तरपुस्तिकाएं जांचेंगे शिक्षक
इस बार हाईस्कूल स्तर पर 670028 इंटरमीडिएट स्तर पर 514787 उत्तरपुस्तिकाएं जांची जानी है। बताया कि हाईस्कूल में 112266 व इंटर में 102986 छात्रों ने परीक्षा दी थी।











