राजधानी लखनऊ में हरियाणवी फिल्म की अभिनेत्री और सिंगर ने शनिवार दोपहर लामार्ट चौराहा टैंगो थ्री के पास खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। आत्मदाह निरोधी दस्ते ने उसे बचा लिया। पीड़िता फिल्म निर्माता उत्तर कुमार पर शोषण और गाजियाबाद शालीमार थाने की पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है।
पीड़िता हापुड़ जनपद के पिलखुवा इलाके की रहने वाली है। वह बड़ी बहन और चार साल के बेटे के सात शनिवार को लखनऊ पहुंची। इसके बाद लमार्ट चौराहा टैंगो थ्री के पास पहुंचकर खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। ड्यूटी पर तैनात आत्मदाह निरोधी दस्ते ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद गौतमपल्ली थाने लेकर पहुंची। पीड़िता ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि वह हरियाणवी और देहाती फिल्म की अभिनेत्री व सिंगर है। फिल्म निर्माता उत्तर कुमार ने उसके शोषण किया है। उसने उत्तर कुमार के खिलाफ गाजियाबाद के शालीमार थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पुलिस आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। वह धमकी दे रहा है। इस संबंध में गौतमपल्ली थाने के इंस्पेक्टर रत्नेश सिंह ने बताया कि गाजियाबाद पुलिस को सूचना दे दी गई है। पुलिस वहां से लखनऊ के लिए रवाना हो चुकी है। थाने द्वारा बताया गया कि वर्ष 2024 में अभिनेत्री का उत्तर कुमार से विवाद हुआ था। इसके बाद उसने मुकदमा दर्ज कराया गया था। विवेचना में अभिनेत्री द्वारा लगाए गए आरोप निराधार निकले। उनकी पुष्टि नहीं हो सकी। अंतिमपत्र न्यायालय दाखिल कर दिया गया। अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
तीन दिन पूर्व अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर डाला था वीडियो
तीन दिन पूर्व अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर वीडियो डाला था। सीएम ने न्याय की गुहार की थी। उसने कहा था कि अगर न्याय नहीं मिला तो वह जान दे देगी। इसके बाद वह बहन और बेटे के साथ लखनऊ पहुंची थी।









