होटल संचालक से विवाद के बाद किन्नरों का उत्पात, नग्न होकर चौराहे पर लगाया जाम; मुकदमा दर्ज

0
108

होटल के संचालक से हुए विवाद के बाद और पुलिस पर अभद्रता का आरोप लगाकर किन्नरों ने जमकर उत्पात मचाया। किन्नरों ने नग्न होकर चौराहे पर जाम लगा दिया और प्रदर्शन करने लगे। करीब डेढ़ घंटे हंगामा किया। पुलिस के समझाने पर भी नहीं हटे। जाम में एंबुलेंस और स्कूली बस फंसी रहीं। पुलिस ने जैसे-तैसे इन्हें हटाया। इसको लेकर पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में किन्नरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

कुंवर नगर निवासी अतुल गुरुवार की रात कार लेकर अपने तीन दोस्तों के साथ अलीगढ़ जिले के महुआखेड़ा थाना क्षेत्र के ईशनुपर स्थित होटल पर खाना खाने पहुंचा। होटल संचालक से भी उनकी दोस्ती है। आरोप है कि वहां होटल संचालक ने उसे कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर पिला दी, जिससे उसे नशे हो गया। जब खाना मांगा तो कह दिया कि खत्म हो गया। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि जेब में रखे 30 हजार रुपए, गले से सोने की चेन और दो अंगूठी छींन लीं। इसके बाद अतुल अपने साथी किन्नरों के साथ महुआखेड़ा थाने पहुंच गया। वहां होटल संचालक को गिरफ्तार करने की मांग कर दी।

आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने अभद्रता कर दी। कार्रवाई न होने पर किन्नरों ने अपने साथियों को बुला लिया। एटा चुंगी चौराहे पर जाम लगा दिया। हाथों में ईंट लेकर नग्न होकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। जाम में फंसे वाहनों की चाभियां निकाल लीं। एसएसपी, सांसद को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। राहगीरों की भीड़ एकत्रित हो गई। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब डेढ़ घंटे तक हंगामा होता रहा। जाम स्कूली बच्चों की बसें और एबुलेंस फंस गई। सूचना पर गांधीपार्क, महुआखेड़ा, क्वार्सी थाने से पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया,तब जाकर हंगामा कर रहे किन्नर शांत हो सके। इसके बाद यातायात सुचारू हो सका।

ईंट-पत्थरों से वाहन चालकों को डराया

मामले में एसआई सुशील कुमार की ओर से अतुल, उसके भाई अनुज, किन्नर सपना, किन्नर रेखा व पांच अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। इसमें कहा है कि नामजदों ने कार, स्कूटी व बाइक को रोड पर खड़ा करके जाम लगाया था। नग्न होकर प्रदर्शन किया। ईंट-पत्थरों से वाहन चालकों को डराया-धमकाया। लोग जान बचाने के लिए भागने लगे। इससे अफरा-तफरी मच गई।

संचालक और किन्नर आपस में हैं दोस्त

पुलिस के अनुसार होटल संचालक और किन्नर आपस में दोस्त हैं। अक्सर व उसी होटल पर खाना खाते हैं। खाना खाने के बाद रुपयों के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ है। लूटपाट जैसी कोई बात सामने नहीं आई। किन्नरों की सूचना पर रात को ही लैपर्ड कर्मी संचालक की तलाश में तीन-चार जगहों पर दबिशें दीं थी। मगर वह हाथ नहीं लग सका।

महुआखेड़ा इंस्पेक्टर जोगेंद्र सिंह ने बताया, होटल संचालक से किन्नरों का विवाद हुआ था। किन्नरों ने जाम लगाकर प्रदर्शन किया है। पुलिस की ओर से किन्नरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here