उत्तराखंड के दर्जा राज्य मंत्री मंजीत सिंह राजू ने एसडीएम डा0 अमृता शर्मा को साथ लेकर चीनी मिल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने आगामी पेराई सत्र से पूर्व मिल की वास्तविक स्थिति को देखा तथा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये कि आगामी 15 अक्टूबर तक हर हाल में मिल पूरी तरह से तैयार हो जानी चाहिये।
दर्जा राज्य मंत्री मंजीत सिंह राजू ने कहा कि गन्ना विभाग और सरकार की पूरी मंशा है कि 15 अक्टूबर तक मिल तैयार हो जिसके बाद इसका ट्रायल करने के बाद हर हाल में 1 नवंबर तक मिल का पेराई सत्र शुरू कर दें। निरीक्षण के दौरान मंजीत सिंह राजू ने किसानों के हितों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने आश्वासन दिया कि गन्ना किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी। गन्ना भुगतान, पेराई, और अन्य सुविधाओं को समयबद्ध सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के साथ हर कदम पर खड़ी है। किसानों की मेहनत और अधिकारों की रक्षा करना हमारी ज़िम्मेदारी है। मिल प्रशासन को साफ निर्देश दिए कि किसानों की सुविधाओं में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। कहा कि समय पर पेराई शुरू होना किसानों के हित और प्रदेश की अर्थव्यवस्था दोनों के लिए बेहद अहम है।
वहीं चीनी मिल की प्रभारी प्रबंधक एसडीएम डा0 अमृता शर्मा ने कहा कि मिल अधिकारियों व कर्मचारियों का पूरा जोर है कि समय सीमा के तहत् ही मिल मरम्मत का कार्य पूरा हो जायेगा जिसके बाद समय पर पेराई सत्र शुरू हो जायेगा।











