5 घंटे में रिटर्न से झांसे में आया और गंवा दी जीवन भर की कमाई, फर्जी पोर्टल का चल रहा खेल

0
107

फर्जी पोर्टल पर निवेश का झांसा देकर होटल लाइन में काम करने वाले कर्मचारी से साइबर ठगों ने 12.42 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की साइबर अपराध थाने में दी गई शिकायत पर नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसका कहना है कि पहले 10 हजार का निवेश करने पर 5 घंटे में तगड़ा रिटर्न मिला। इसके बाद उसने अपनी पूरी कमाई लगा दी।

कमलेश सिंह निवासी माता मंदिर रोड ने पुलिस को तहरीर दी है। बताया कि साथ में काम कर रहे युवक ने बीते अप्रैल महीने में द ग्लोबल ई कामर्स कंपनी के बारे में बताया। जिस पर पीड़ित ने भरोसा किया। पीड़ित ने कंपनी की एप के जरिए एजेंट और टेलीग्राम एप पर निवेश की जानकारी ली। शुरुआत में दस हजार रुपये जमा किए तो पांच घंटो में 16 हजार रुपये वापस मिले।

इसके बाद पीड़ित झांसे में आ गया और मोटी कमाई के लालच में आरोपियों के निवेश और रकम निकासी पर टैक्स समेत अन्य झांसों में 12.42 लाख रुपये जमा कर बैठा। इसके बाद साइबर ठगी का अहसास हुआ। एसओ नेहरू कॉलोनी संजीत कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर साइबर ठगी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

लाखों के गहने चुराने में दूसरा आरोपी दबोचा

देहरादून। नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में घर में पार्क कार से लाखों के गहने चोरी कर फरार हुए दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। चोरी का मुख्य आरोपी इससे पहले गिरफ्तार किया गया था। एसओ नेहरू कॉलोनी संजीत कुमार ने बताया कि अशोक विहार निवासी प्रमोद त्यागी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर पर खड़ी कार से नकदी और सोना-चांदी का सामान चोरी कर लिया है। नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। जबकि, हरिओम निवासी खाईखेड़ी थाना पुरकाजी जिला मुजफ्फरनगर, यूपी को दबोच लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here