महिला की हत्या कर शव बोरे में डालकर देहरादून में सुद्धोवाला-मांडूवाला रोड के जंगल में फेंक दिया गया। कई दिन तक शव सड़ने पर तेज बदबू उठी तो पास के मंदिर पहुंचे लोगों को इसका पता लगा। इसके बाद सूचना पुलिस को मिली तो सनसनी फैल गई। एसएसपी समेत कई अफसर मौके पर पहुंचे और जांच की। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
बुधवार को यहां बाला सुंदरी मंदिर के पास के इलाके में बहुत तेज बदबू आ रही थी। बदबू से परेशान होकर जब स्थानीय लोगों ने आसपास खोजबीन शुरू की तो उनकी नजर मंदिर से करीब 100 मीटर दूर खाई में पड़े एक प्लास्टिक के कट्टे पर गई। पास जाने पर पता चला कि उसमें एक शव लिपटा हुआ है। इसकी सूचना प्रेमनगर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामला संदिग्ध और हत्या से जुड़ा होने पर उच्चाधिकारियों को बताया गया। इसके बाद एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई तथा जरूरी साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवा दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कीड़ों ने खाया चेहरा इसलिए पहचान करना मुश्किल
बरामद शव करीब चार से पांच दिन पुराना बताया जा रहा है। खाई में पड़े रहने और कई दिन बीत जाने के कारण शव पूरी तरह सड़ चुका है। पुलिस के मुताबिक महिला के चेहरे को कीड़ों ने बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया है। इस कारण चेहरा देखकर पहचान कर पाना लगभग नामुमकिन हो गया है। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
होली के आसपास हत्या की आशंका
शव की हालत देखकर पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि लाश 4 से 5 दिन पुरानी है। आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या होली के आसपास या उससे ठीक पहले की गई होगी। शव को ऐसी जगह ठिकाने लगा दिया, जहां अमूमन लोगों की नजर नहीं जाती।
साड़ी पहने थी महिला
जिस महिला की हत्या हुई वह साड़ी पहनी हुई थी। जिसे पहचान का एक आधार माना जा रहा है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि महिला की शिनाख्त और हत्या के खुलासे के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमों का गठन कर दिया गया है। फिलहाल, बॉर्डर क्षेत्रों के थानों में हाल में दर्ज महिलाओं की गुमशुदगी का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।
हत्या कहीं और, यहां ठिकाने लगाया शव
मांडूवाला में महिला के शव को जिस तरह से प्लास्टिक के कट्टे में पूरी तरह से पैक किया गया था, वह दर्शाता है कि हत्यारों ने वारदात की पूरी प्लानिंग की थी। संभावना है कि महिला की हत्या देहरादून के किसी अन्य इलाके या दूरदराज के क्षेत्र में की गई हो और बाद में पहचान छिपाने व साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को गाड़ी में लाकर मंदिर के पास खाई में फेंक दिया गया हो।








