फेमस यूट्यूबर नीतू बिष्ट ‘मां काली’ बनकर सड़क पर मोमोज खाते दिखीं; करणी सेना की थाने में शिकायत

0
104

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और फेमस यूट्यूबर नीतू बिष्ट एक वीडियो को लेकर विवादों में आ गई हैं। करणी सेना ने आरोप लगाया है कि नीतू बिष्ट ने मां काली का स्वरूप धारण कर सड़क पर मोमोज खाए। इतना ही नहीं सड़क पर गुजरते हुए बच्चों को डराया। संगठन ने इस घटना को मां काली के स्वरूप का अपमान और सनातन धर्म की भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य बताया है। करणी सेना की तरफ से हल्द्वानी कोतवाली में इन्फ्लुएंसर के खिलाफ शिकायती पत्र दिया गया है और सख्त ऐक्शन की मांग की गई है।

नीतू बिष्ट उत्तराखंड की फेमस यू्ट्यूबर हैं। उनके इंस्टाग्राम पर 5.6 मिलियन फॉलोअर्स हैं। पिछले दिनों उनके बिग बॉस में भी एंट्री की चर्चाएं उठीं थी। करणी सेना की तरफ से हल्द्वानी में नीतू बिष्ट के खिलाफ नारेबाजी की गई।

धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप

हल्द्वानी में करणी सेना महिला जिलाध्यक्ष योगिता बनौला ने शिकायत में आरोप लगाया कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने मां काली के स्वरूप को आपत्तिजनक तरीके से प्रस्तुत किया है। संगठन का कहना है कि धार्मिक प्रतीकों और देवी-देवताओं के स्वरूप को इस तरह दिखाने से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हो सकती हैं। पदाधिकारियों ने मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस से शिकायत पर संज्ञान लेने और संबंधित इन्फ्लुएंसर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

सख्त कार्रवाई की मांग

करणी सेना ने पुलिस को सौंपे गए शिकायती पत्र में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) के तहत कार्रवाई की मांग की है। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग इन्फ्लुएंसर को फॉलो करते हैं। ऐसे में धार्मिक आस्था से जुड़े विषयों को प्रस्तुत करते समय जिम्मेदारी बरतनी चाहिए। संगठन ने पुलिस से मामले की जांच कर उचित कदम उठाने की मांग की है।

हल्द्वानी कोतवाली में शिकायत सौंपने के दौरान करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष जोगेंद्र राणा, जिलाध्यक्ष दीपांशु पोखरिया, महिला जिलाध्यक्ष योगिता बनौला, मीरा क्षत्रिय, भावना पांडे, तारा तिवारी और हितेश शर्मा समेत संगठन के कई सदस्य मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने मामले में उचित कार्रवाई की मांग उठाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here