उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या द्वारा अपने पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी पर मुकदमा दर्ज कराने के बाद आरोप-प्रत्यारोप की जंग खुलकर सामने आने लगी हैं। पप्पू गिरधारी ने फेसबुक पर लाइव आकर तीन वीडियो वायरल कर मंत्री पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए 210 करोड़ की संपत्ति बनाने और उसकी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने दावा किया है कि वह जल्दी ही उत्तराखंड में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मंत्री का पूरा काला चिट्ठा खोलेंगे।
फेसबुक लाइव पर ये तीनों वीडियो कार में बैठकर बनाए गए हैं। वीडियो में पप्पू गिरधारी ने खुद को भाजपा कार्यकर्ता बताते हुए अपनी पत्नी उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या को लोगों के उकसावे में आकर घर न बिगाड़ने की सलाह देते हुए उन पर तमाम गंभीर आरोप भी लगाए।
गिरधारी ने कहा कि रेखा आर्या के विभागों में पिछले दस साल से बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार व्याप्त है। इसको लेकर उन्होंने कई बार रेखा आर्या से आपत्ति जताई तो दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। उन्होंने कहा कि बरेली में उनका प्राॅपर्टी का बड़ा कारोबार है, भगवान ने सबकुछ दिया है, किसी गलत तरीके से पैसे कमाने की जरूरत नहीं है। इस संबंध में उन्होंने उत्तराखंड के सीएम से भी शिकायत की।
210 करोड़ की अवैध संपत्ति का आरोप
गिरधारी का आरोप है कि रेखा आर्या ने करीब ₹210 करोड़ की अवैध संपत्ति बनाई है, उत्तराखंड में प्रेसवार्ता कर वह इसका खुलासा करेंगे। गिरधारी ने दावा किया कि उन्होंने रेखा आर्या का चुनाव लड़ाने के लिए उत्तराखंड जाने से मना किया था। इससे रेखा नाराज हो गईं, कहा कि झूठे आरोप लगाने वालों को भगवान जवाब देंगे।
जांच को एसआईटी गठित
मंत्री रेखा आर्य से जुड़े मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित कर दी गई है। एसआईटी की कमान एसपी देहात जया बलोनी को सौंप गई है। एसआईटी टीम में सीओ सहसपुर अनुज कुमार, इंस्पेक्टर कैंट संतोष कुंवर और शहर कोतवाल के भट्ट समेत कुल नौ लोग शामिल हैं।











