जिस महिला का तीन महीने पहले हो चुका मर्डर, कांग्रेस ने उसे बनाया प्रदेश सचिव

0
339

हरियाणा में कांग्रेस ने युवा कांग्रेस की नई प्रदेश और जिला स्तरीय कार्यकारिणी का गठन किया है। इस कार्यकारिणी की जो लिस्ट कांग्रेस ने जारी की है, उसकी अब हर तरफ किरकिरी हो रही है। दरअसल, इस लिस्ट में रोहतक से कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता हिमानी नरवाल का नाम बतौर प्रदेश सचिव दिखाया गया है, जबकि उसकी हत्या तीन महीने पहले ही एक मार्च 2025 को हो चुकी है। हिमानी की मौत कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया के दौरान हुई है। यह सारी प्रक्रिया ऑनलाइन हुई है।

हिमानी कांग्रेस पार्टी की एक एक्टिव कार्यकर्ता थी। उन्होंने संगठन चुनाव के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करवाया था और ऑनलाइन वोटिंग प्रक्रिया से उसे इस पद के लिए चुना गया है लेकिन ये लिस्ट अब प्रकाशित हुई है। ऐसे में सवाल ये उठता है कि अपनी जिस कार्यकर्ता की हत्या पर बवाल मचा था, क्या हाईकमान को ये भी याद नहीं? हिमानी नरवाल हत्याकांड में पुलिस आरोपी सचिन उर्फ ढिल्लू को गिरफ्तार कर चुकी है और इतना ही नहीं, कोर्ट में उसके खिलाफ 250 पेज की चार्जशीट तक दाखिल कर चुकी है।

भाजपा बोली, भद्दा मजाक, शर्मनाक कांग्रेस

इस ब्लंडर से प्रदेश में राजनीति तेज हो गई है। भाजपा ने इस मामले में कांग्रेस पर निशाना साधा है। भाजपा ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा है, “कांग्रेस की नीति और नेतृत्व और संवेदनहीन हो चुका है। कांग्रेस को अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं की स्थिति की कोई जानकारी नहीं है। पहले स्वर्गवासी रघबीर सैनी को बैठक में बुलाया और अब मृतक हिमानी नरवाल को प्रदेश सचिव बनाकर उसका भद्दा मजाक बनाया है। शर्मनाक कांग्रेस।”

कौन थी हिमानी नरवाल?

हिमानी नरवाल रोहतक से कांग्रेस की सक्रिय कार्यकर्ता थी। हरियाणा में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उनके साथ तस्वीर वायरल होने से वह चर्चा में आई थी। एक मार्च 2025 की सुबह हिमानी नरवाल का शव रोहतक जिला के सांपला बस स्टैंड के पास बंद सूटकेस में मिला था। उसके गले पर चुन्नी लिपटी हुई मिली थी। इस हत्याकांड की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया था। एसआईटी ने इस हत्याकांड में झज्जर जिला के खैरपुर गांव के सचिन उर्फ ढिल्लू को गिरफ्तार किया था।

पुलिस जांच में ये सामने आया कि सचिन की हिमानी नरवाल के साथ फेसबुक के जरिए दोस्ती हुई थी। इसके बाद वह हिमानी के घर आता रहता था। 27 फरवरी को हिमानी ने ही मोबाइल फोन पर कॉल कर सचिन को अपने घर बुलाया था। दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। वह रात को हिमानी के घर पर ही रुक गया था। अगले दिन 28 फरवरी को सचिन ने मोबाइल फोन के चार्जर की तार से हिमानी की हत्या कर दी थी। बाद में वह हिमानी के घर में रखे सूटकेस में ही उसका शव डालकर ले गया था और सांपला बस स्टैंड के नजदीक फेंक दिया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here