अवैध संबंधों में रोड़ा बना पति तो पत्नी ने करवा दी हत्या, प्रेमी को खुद लाकर दिया तमंचा

0
343

एक महिला ने अपने प्रेमी को तमंचा देकर पति की हत्या करा दी। बीच-बचाव करने पर मृतक के भाई पर भी गोली चला दी। वह छर्रा लगने से घायल हो गया। महिला और आरोपी के बीच करीब 10 साल से अवैध संबंध थे। कई बार ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ा था। पति विरोध करता था, इसलिए उसे रास्ते से हटा दिया। घटना के बाद आरोपी थाने पहुंचा और बोला- साहब! मैंने हत्या कर दी है, गिरफ्तार कर लीजिए। पुलिस ने उसे और महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के कस्बा बरला के मोहल्ला कोठी निवासी 36 वर्षीय सुरेश कुमार की शादी करीब 18 साल पहले फिरोजाबाद के गांव नगला बीच निवासी 36 वर्षीय बीना से हुई थी। इन पर दो बेटे व एक बेटी हैं। सुरेश नोएडा में सिक्योरिटी गार्ड थे। पुलिस के अनुसार बीना के गांव के ही 24 वर्षीय मनोज पुत्र रामगोपाल के साथ अवैध संबंध चल रहे थे। मनोज गांव से बाजार में परचून की दुकान चलाता है। दोनों का घर आस-पास है। मनोज बीना के घर भी आता रहता था। सुरेश अवैध संबंधों का विरोध करते तो झगड़ा होता था, इसलिए बीना ने मनोज के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।

गुरुवार सुबह सुरेश दिल्ली जाने की कह रहे थे, मगर बीना ने रोक लिया। इसके बाद उसने बहाने से उसे घर के बाहर बिठा दिया, जहां वे मोबाइल फोन चला रहे थे, तभी मनोज आया और तमंचे से सीने से गोली मार दी। इसे देख पास ही परचून की दुकान पर बैठे उनके भाई विजय सिंह लोहे का बाट लेकर दौड़े, तब तक आरोपी ने दूसरा फायर कर दिया। गोली दीवार में लगी। विजय ने सिर झुकाकर जान बचाई। चेहरे पर छर्रे लगने से वे घायल हो गए। सुरेश को सीएचसी में ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। मामले में विजय की ओर से बीना व मनोज के खिलाफ हत्या व जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया गया है।

मोबाइल फोन में मिले अश्लील फोटो-वीडियो

मोहल्ला कोठी निवासी गोविंद राय की 20 साल पहले मौत हो चुकी है। इनके दो बेटों में बड़े विजय गांव में रहकर मजदूरी करते हैं। छोटा बेटा सुरेश नोएडा में नौकरी करता था। दो दिन पहले ही वह गांव आया था। इसके बदले अपने भतीजे देवेंद्र को नोएडा भेज दिया था। जानकारी पर सीओ बरला गर्वित सिंह, इंस्पेक्टर अरुण कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। फारेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्रित किए हैं। वहीं आरोपी मनोज के मोबाइल फोन में पुलिस को अश्लील फोटो-वीडियो मिले हैं। इनकी जांच की जा रही है।

महिला ने कहा- गोली मारो, बचने न पाए

मनोज ने मई में ही तमंचे का प्रबंध कर लिया था। तब से तमंचा बीना के पास रखा हुआ था। घटना से पहले उसी ने मनोज को तमंचा दिया था। वह रात से ही मनोज के संपर्क में थी। फोन पर लगातार बातचीत कर रही थी। उसने सुरेश को दिल्ली जाने से रोका। फिर बहाने से बाहर बिठा दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जिस समय मनोज गोली मार रहा था, तब भी बीना उससे कह रही थी कि कितनी भी गोली मार दो, मगर ये बचने न पाए।

तीन बार गांव में हुई थी पंचायत

दोनों के संबंधों की जानकारी पूरे गांव में थी। कई बार समझाया गया, मगर नहीं माने। तीन बार गांव में पंचायत भी हुई। ग्रामीणों ने दोनों को कई बार घर व होटल में पकड़ा था। चार माह पहले दोनों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया था। मनोज को पुलिस को सौंप दिया था। लेकिन, बीना ने मनोज के पक्ष में बयान दिया, जिसके बाद उसे छोड़ दिया गया। थाने में तीन बार शिकायती पत्र दिया। लेकिन, पुलिस ने ध्यान नहीं दिया।

गला दबाकर मारने की थी तैयारी

पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि बीना ने मनोज से कहा था कि वह उसके पति की हत्या करेगा, तभी वह उसके साथ रहेगी। दोनों कई माह से हत्या की फिराक में थे। बुधवार रात को भी बीना ने सुरेश को सोते समय गला दबाकर मौत के घात उतारने की तैयारी कर ली थी। इसके लिए उसे नींद की गोली दी गई। लेकिन, उसे मौका नहीं मिला।

बच्चों ने कहा, मां को भेजो जेल

बीना ने तीनों बच्चों को स्कूल भेज दिया था। बाद में बुआ उनको लेकर थाने पहुंची तो वे इंस्पेक्टर के समक्ष बोले कि मां उन्हें व पिता को नींद की गोली खिलाती है। हाथ जोड़कर कहने लगे कि साहब मां ने पिता की हत्या कराई है। उसे जेल भेज दीजिए। घटना से आहत सुरेश के भतीजे ने कहा कि देशभर में ऐसी घटनाएं हो रही हैं। कई महिलाओं ने अपने पति की इसी तरह हत्या करा दी। सरकार में महिलाओं के लिए तो कानून है, मगर पुरुषों के कुछ नहीं। अभी तक किसी भी घटना में आरोपी पर कठोर कार्रवाई की बात सामने नहीं आई है। उन्होंने कहा कि आरोपी को जल्द से जल्द फांसी की सजा हो।

एसपी देहात अमृत जैन ने कहा, महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की है। दोनों के बीच लंबे समय से अवैध संबंध थे। दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here