यह तो चमत्कार है… प्रेमानंद महाराज को इस तरह खिलखिलाते नहीं देखा होगा, जादूगर की कला देख गदगद

0
476

वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज से लगभग हर दिन लोग आशीर्वाद लेने पहुंचते हैं। उनसे अपनी परेशानियां बताते हैं और महाराज उपाय सुझाते हैं। नेताओं से लेकर अभिनेताओं और देश-विदेश की बड़ी-बड़ी हस्तियां प्रेमानंद महाराज के पास आते रहते हैं। इस दौरान महाराज ज्यादातर गंभीर होकर सभी को सलाह और राय देते दिखाई देते हैं। शनिवार को प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद लेने बिहार के जादूगर शंकर सम्राट पहुंचे। इस दौरान जादूगर ने जब अपनी कला प्रेमानंद महाराज को दिखाई तो वह गदगद हो गए। जब जादूगर ने कागज से पांच सौ का नोट बनाया तो महाराज का मुंह खुला का खुला रह गया। मुंह पर हाथ रखकर महाराज खिलखिलाकर हंस पड़े। कहा कि अरे यार यह तो… महाराज इतने गदगद हो गए कि उनकी हंसी रुक ही नहीं रही थी।

हैरत वाले अंदाज में यह भी पूछा, ये कैसे किया? जादूगर ने एक के बाद एक दस से ज्यादा जादू महाराज को दिखाए। हर जादू को देखकर महाराज आश्चर्यचकित भी होते और जोर-जोर से हंस भी पड़ते थे। इतने पास से जादू देख रहे महाराज ने यहां तक कहा कि यह तो चमत्कार है।

महाराज से मिलने के बाद जादूगर ने अपना परिचय देते हुए बताया कि हम देश-विदेश में जादू का प्रोग्राम करते हैं। 30,000 से ज्यादा शो कर चुके हैं। यह भी बताया कि इसमें से 20,000 शो चैरिटी के लिए किया है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में नाम भी दर्ज हुआ है। कहा कि अब आपको जादू दिखाना चाहते हैं। इसके बाद दस मिनट में 11 जादू दिखाकर महाराज को गदगद कर दिया।

सबसे पहले कागज से बनाया 500 का नोट

जादूगर शंकर सम्राट ने सबसे पहले कागज के टुकड़े से पांच सौ का नोट बनाकर दिखाया। महाराज से कहा कि जैसे ये पेपर है। एक मिनट बाद आप देखोगे, ये पेपर अपना रंग बदलेगा। कभी नीला, कभी पीला, कभी हरा और क्या बन जाएगा। जादूगर ने कागज को हाथ से रगड़ना शुरू कर दिया। कुछ सेकेंड बाद ही पेपर 500 रुपए के नोट में बदल गया। कागज को नोट में बदलते ही महाराज तेजी से हंस पड़े और कहा- ये क्या हुआ। यार ये तो अच्छा है।

कागज से नोट बनाने के बाद जादूगर ने एक अंगूठी ली। कहा कि इस अंगूठी को गौर से देखिएगा। अंगूठी के ऊपर हाथ को घुमाया और वह खुबानी एक तरह का ड्राइ फ्रूट बना गई। इस पर भी महाराज ने खिलखिलाते हुए कहा- ये गजब हो गया। जादूगर ने कहा इसे आप खा लेना। फिर हाथ घुमाया तो वापस अंगूठी आ गई। जादूगर ने कहा कि वैसे तो हम लोग पब्लिक से बहुत दूर स्टेज पर खड़े होकर जादू दिखाते हैं लेकिन यहां इतना नजदीक से जादू दिखाना, चीजों को गायब करना, वापस लाना यही हमारी कला है।

अमेरिकी सेंट और सिक्का वाला जादू दिखाया

इसके बाद जादूगर ने एक अमेरिकी सिक्का वन सेंट अपने हाथ में लिया। इसके बाद कहा कि यह हिप्नोटिज्म है या ट्रिक, इसे देखिएगा। इतना पास से आप लोग जादू देख रहे हैं। अब एक रुपए का सिक्का और एक सेंट दोनों को अपने हाथ में लिया। सेंट को मुट्ठी के अंदर और सिक्का को मुठ्टी के ऊपर रखा। फिर एक रुपए का सिक्का अपनी जेब में रख लिया।

जादूगर ने कहा कि अब ध्यान से देखना। आपके हिसाब से क्या होना चाहिए मुठ्टी में। इस पर महाराज बोले इसमें तो वन सेंट ही होना चाहिए। जादूगर ने अपनी मुट्ठी खोली तो हथेली में एक रुपए का सिक्का और वन सेंट दोनों थे। ये देखते ही महाराज इतना गदगद हुए कि दोनों हाथों से ताली बजाते हुए जोर-जोर से हंसने लगे। बोले- अरे यार ये तो कमाल है। इसके बाद जादूगर ने सेंट को जेब में रखा और सिक्के को मुट्ठी के ऊपर रखा। महाराज से पूछा कि अब इसमें क्या है। इसमें छोटा सिक्का सेंट होना चाहिए। तब जादूगर ने मुट्ठी खोली। उसमें दोनों सिक्के थे। गजब का जादू देखते ही महाराज फिर ठहाके लगाकर हंसने लगे।

जादूगर ने अब एक रुपए का सिक्का जेब में रख लिया। फिर मुट्ठी बंद की। महाराज बोले इसमें तो छोटा सिक्का है। जादूगर ने मुट्ठी खोली तो उसमें सेंट था। इस पर प्रेमानंद महाराज बोले- अरे यार यह तो चमत्कार है। इसके जादूगर ने 500 के नोट से सौ-सौ के नोट बनाकर दिखाया। इस पर महाराज जोर-जोर से हंसते हुए बोले- यह तो बहुत मजेदार है। यह तो गजब हो गया। इसके बाद अंगूठी को भभूत बनाकर दिखाया।

सभी के मोबाइल का समय बदल दिया

जादूगर ने इसके बाद अपने मोबाइल फोन से दो जादू दिखाया। मोबाइल की स्क्रीन पर गेंद का कवर लगा था। इसके बाद मोबाइल को हिलाया और गेंद जादूगर के हाथों में आ गई। महाराज इस पर भी हंसते हुए बोले, मोबाइल से ही निकाल लिया। वाह भाई वाह। इसके बाद वाला जादू तो गजब का रहा। महाराज से जादूगर ने कहा कि एक से लेकर नौ तक कोई भी एक अंक बोलिए। महाराज के शिष्य ने सात बोला। इसके बाद जादूगर ने अपना मोबाइल फोन दिखाते हुए कहा कि मेरी घड़ी देखिए सात मिनट पीछे जाएगी। देखते ही देखते जादूगर की घड़ी में 7:40 से 7:33 दिखाई देने लगा। इसके बाद कहा कि सभी लोग अपना अपना मोबाइल देखिए। आश्चर्यजनकर रूप से सभी को मोबाइल फोन में 7:33 होने लगा था। महाराज अब हंसने की जगह बेहद आश्चर्य में पड़ गए। जादूगर से पूछा यह कैसे हुआ? ये तो खुला चमत्कार है। पहले इतने रुपए निकाल लिये। मोबाइल से गेंद निकाल ली। अब ये, गजब है।

इसके बाद जादूगर ने कहा कि महाराज जी लंदन में मैंने घड़ियों का समय बदल दिया था। फिर जादूगर ने वहां मौजूद लोगों से पूछा कोई घड़ी बांधता है। एक व्यक्ति ने अपनी घड़ी दी। उस घड़ी को दिखाते हुए पूछा कि कितना बस रहा है। एक व्यक्ति ने कहा पौने सात बज रहा है। दूसरे को दिखाया तो उसने कहा 7:05 हो रहा है। तीसरे को दिखाया तो उसने बताया 7:20 हो रहा है। फिर हाथ फेरा तो सेकेंड की सूई चलनी बंद हो गई। यह सब देख महाराज बोले कि अरे यह तो सब आपके हाथों का चमत्कार है। इस पर जादूगर ने कहा कि महाराज दी यह कला है। आपका बहुत नाम सुना था। आज आपसे मिलने की इच्छा जाहिर हुई। इसके बाद खाली टोकरी से माला निकालकर महाराज को दी। खाली टोकरी से माला निकलते देख महाराज फिर खुशी से खिलखिला पड़े और कहा राधे-राधे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here