अब उत्तराखंड में कफ सिरप पर शिकंजा! 12 मेडिकल स्टोर के लाइसेंस निरस्त किए

0
90

फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए )की जांच के बाद गुरुवार को राज्य में 12 मेडिकल स्टोरों के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए। जबकि दस दुकानों में बिक्री पर रोक लगाई गई।

अपर आयुक्त एफडीए ताजबर सिंह जग्गी ने बताया कि गुरुवार को हरिद्वार में तीन, यूएसनगर में पांच और देहरादून में एक और नैनीताल में तीन मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया। इसमें एक जन औषधि केंद्र के अलावा अन्य सभी मेडिकल स्टोर हैं। मध्य प्रदेश और राजस्थान में कफ सिरप पीने से बच्चों की मौत के बाद से राज्य में छापेमारी अभियान चल रहा है। गुरुवार को प्रदेशभर में 100 से अधिक मेडिकल स्टोरों की जांच की गई। जग्गी ने बताया कि यह कार्रवाई दवाओं का स्टॉक ठीक से मेंटेन न करने, खरीद बिक्री का हिसाब न दिखाने, डॉक्टर के पर्चे के बिना मरीजों को दवा देने के मामले में की गई है।

टीम ने मेडिकल स्टोर में कफ सिरप सील किया

शहर में विधिक सेवा प्राधिकरण एवं एफडीए की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। सेफ ड्रग्स, सेफ लाइफ अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी एवं वरिष्ठ औषधि निरीक्षक मानेंद्र सिंह राणा की अगुआई में कार्रवाई की गई। सबसे ज्यादा फोकस बैन हो चुके कफ सिरप की जांच पर रहा। अधिकांश मेडिकल स्टोरों पर इन प्रतिबंधित सिरपों को अलग रखा गया था। टीम ने उन्हें सील कराया।

एक्सपायर दवाओं का रिकाॅर्ड नहीं

न्यू रोड पर फेयरडील केमिस्ट पर संचालक मिले, लेकिन फार्मासिस्ट नहीं थे। फ्रीज में तापमान डिस्पले नहीं पाया गया। एक्सपायर दवाओं का रिकॉर्ड नहीं मिला। कफ सिरप की दो पेटियां सील की गई। अक्ष मेडिकल स्टोर पर संचालक मिले, फार्मासिस्ट अनुपस्थित थे। फ्रीज में तापमान डिस्प्ले नहीं था। कफ सिरप रैक में पाए गए। इस पर कार्रवाई कर टीम ने स्टोर से क्रय-विक्रय पर रोक लगाई। स्टोर को बंद करा दिया गया। दो पेटी कफ सिरप सील कराया गया। श्रीराम मेडिकोज स्टोर में गंदगी मिली। फार्मासिस्ट अनुपस्थित थीं। सीसीटीवी चालू स्थिति में नहीं मिले। नारकोटिक्स दवाओं का कय-विक्रय रिकॉर्ड नहीं दिखाया गया। स्टोर के क्रय-विक्रय पर रोक लगाई गई। कफ सिरप की एक पेटी सील की। जैन मेडिकल हॉल में कफ सिरप की तीन पेटी सील की गई। सुरभि मेडिकल में मालिक और फार्मासिस्ट मिले। फ्रीज में तापमान डिस्प्ले नहीं पाया गया। कफ सिरप की दो पेटी सील की गई।

आदेश न मानने वालों से सख्ती से निपटें

सचिव स्वास्थ्य डॉ आर राजेश कुमार की ओर से गुरुवार को एक बार फिर सभी मेडिकल स्टोरों के लिए दिशा निर्देश जारी किए गए। उन्होंने मेडिकल स्टोरों को कफ सिरप के मामले में बेहद सतर्क रहने को कहा। साथ ही एफडीए के ड्रग इंस्पेक्टरों को भी दवाओं की कड़ी निगरानी करने को कहा। सचिव स्वास्थ्य ने कहा कि यदि कोई मेडिकल स्टोर दवाओं के मामलों में लापरवाही करता है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here