हरिद्वार के मंगलौर में युवती को शादी का झांसा देकर आरोपी ने चार साल तक ब्लैकमेलिंग और रेप किया। कभी घर तो कभी होटल में वह लड़की की अस्मत लूटता रहा। आरोपी ने लड़की से अपने दोस्त के साथ भी संबंध बनाने का दबाव बनाया। लगातार धमकियों से तंग आकर लड़की ने अपनी जान दे दी। पीड़िता के भाई ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
जबरदस्ती अश्लील फोटो और वीडियो बनाए
पीड़िता के भाई ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि सुहेल निवासी देवबंद की उसकी बहन से करीब पांच साल पहले जान-पहचान हुई थी। उसका घर-आना-जाना लगा रहता था। आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसे अपने जाल में फंसा लिया। 25 नवंबर 2021 से आरोपी ने जबरदस्ती युवती की अश्लील फोटो और वीडियो बनाए, जिनका इस्तेमाल ब्लैकमेल करने के लिए किया। वह बार-बार शारीरिक शोषण करता था। इसी बीच, आरोपी के दोस्त दानिश ने भी सहयोग किया।
पीड़िता को दोस्त के साथ भी भेजा
दोनों मिलकर अश्लील वीडियो बनाते रहे। दो अक्तूबर को दोनों आरोपी मंगलौर पहुंचे। उन्होंने युवती को रोडवेज बस स्टैंड के पास बुलाया और एक होटल में जाने की बात कही। पीड़िता ने विरोध किया तो दोनों गुस्से में आ गए और युवती को अश्लील वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी दी।
टॉर्चर से तंग आकर युवती ने दी जान
पीड़िता ने चार अक्तूबर को मंगलौर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इस बीच आरोपी लगातार फोन करके धमकाता रहा। 10 अक्तूबर को शाम करीब 5 बजे, धमकी से तंग आकर पीड़िता ने घर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान रात को उसकी मौत हो गई।
पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि पीड़ित भाई की तहरीर के आधार पर नामजद किए गए सुहेल और दानिश निवासी देवबंद के खिलाफ केस दर्ज का जांच शुरू कर दी है।










