जब तक ट्रंप को बिस्किट न पकड़ा दूं… उत्तराखंड के पूर्व CM का अमेरिकी राष्ट्रपति पर क्या अनोखा तंज

0
115

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों ने तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं। उत्तराखंड के पूर्व सीएम और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने चमोली में एक मेले के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर ऐसा अनोखा तंज कसा कि लोगों में हंसी के ठहाके गूंज उठे। हरीश रावत चुटकीले और तीखे अंदाज के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने मंच से कहा, “जब तक मैं ट्रंप को मंडुवा-झंगोरा के बिस्किट न खिला दूं, तब तक बुढ़ापा स्वीकार नहीं करूंगा।”

गैरसैंण विकासखंड के मेहलचौरी में जारी चार दिवसीय लोक-सांस्कृतिक और कृषि विकास मेले के तीसरे दिन रावत मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। मेला समिति ने उन्हें शॉल और स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया। मंच पर आते ही उन्होंने जैसे उत्सव में ऊर्जा भर दी। उन्होंने कहा कि वे अब भी राजनीतिक रूप से सक्रिय हैं और 2027 में मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं।

कद्दू-लौकी संग फोटो खिंचवाई

पूर्व मुख्यमंत्री का हल्का-फुल्का अंदाज मेले की रंगत बढ़ा गया। कभी वे कद्दू और लौकी संग फोटो खिंचवाते दिखे, तो कभी स्थानीय स्टॉल पर पहाड़ी व्यंजन बेचते हुए नज़र आए। उन्होंने वॉलीबॉल का शॉट लगाकर भी सबका ध्यान खींच लिया। लोगों ने कहा, “हरीश रावत जहां होते हैं, वहां माहौल अपने आप जीवंत हो जाता है।”

रावत ने कहा कि मेले किसी समाज की आत्मा होते हैं, जो संस्कृति, परंपरा और एकता को जोड़ते हैं। मेहलचौरी का यह मेला गढ़वाल और कुमाऊं की सांस्कृतिक पहचान को एक मंच पर लाने का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने स्थानीय लोगों से इस परंपरा को और विस्तार देने की अपील की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here