कांग्रेस जॉइन न करने पर धमकाया; वायरल ऑडियो पर विधायक प्रीतम सिंह के भाइयों पर मुकदमा

0
4

आरोप है कि सात अक्तूबर को कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह के भाइयों चमन सिंह और राजपाल सिंह ने पीड़ित फोन कर उनकी दोनों बेटियों को कांग्रेस में शामिल कराने का दबाव बनाया।

देहरादन में ऊर्जा निगम के लाइनमैन बालक राम से कथित गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चमन सिंह और पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजपाल सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दोनों कांग्रेस चुनाव प्रचार कमेटी के अध्यक्ष और विधायक प्रीतम सिंह के भाई हैं।

त्यूणी तहसील के छुमरा गांव निवासी बालक राम ऊर्जा निगम के चकराता उपखंड के अंतर्गत त्यूणी सब स्टेशन पर लाइनमैन के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने देहरादून के एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया था कि सात अक्तूबर को चमन सिंह और राजपाल सिंह ने उन्हें फोन कर उनकी दोनों बेटियों को कांग्रेस में शामिल कराने का दबाव बनाया। इनकार पर कथित तौर पर गाली-गलौज की गई। गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। थानाध्यक्ष कुलदीप शाह ने बताया कि रविवार को चमन सिंह और राजपाल के खिलाफ गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।

मामला क्या है

चकराता निवासी बालकराम और उनकी बेटियों को कांग्रेस ज्वाइन कराने के लिए दबाव बनाने का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर कुछ दिनों से वायरल हो रहा है। इस ऑडियो में कांग्रेस की चुनाव प्रचार कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह के भाई पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चमन सिंह और राजपाल सिंह की आवाज बताई जा रही है। यह ऑडियो राजनीतिक रूप से भी मुद्दा बन गया है। हालांकि, ‘हिन्दुस्तान’ इस ऑडियो की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता।

सीएम धामी ने पीड़ित परिवार से फोन पर बात की थी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चकराता के चर्चित ऑडियो को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी को कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने शनिवार दोपहर चकराता के पीड़ित बालकराम और उनकी बेटी दीक्षा से फोन पर बातचीत की और परिवार को हरसंभव सहयोग और सुरक्षा का भरोसा दिलाया।

मुख्यमंत्री ने फोन कर जानकारी ली तो दीक्षा ने पूरे मामले को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि फोन करने वाले इतने अभद्र शब्दों का प्रयोग कर रहे थे कि परिवार के लोगों का वहां बैठना मुश्किल हो गया। परिवार की महिलाओं को बाहर जाना पड़ा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति या परिवार को भय के माहौल में रहने के लिए विवश नहीं होने दिया जाएगा। सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने एसएसपी को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।


यह परिवार को बदनाम करने की साजिश: चमन

पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चमन सिंह का कहना है कि यह ऑडियो एडिटेड है। उन्होंने बताया कि उन्हें यह तक पता नहीं है कि ऑडियो कब का है। उन्होंने कहा कि बालकराम ने उनके परिवार, भाई के लिए अपशब्द कहे थे। ऑडियो को एडिट कर बालकराम की ओर से कहे गए शब्दों को हटाया गया है। राजनीतिक साजिश के तहत उन्हें और परिवार को बदनाम किया जा रहा है। इस सबंध में वह जल्द आवश्यक कार्रवाई करेंगें।

भाजपा ने वायरल ऑडियो का मुद्दा उठाया था

कांग्रेस की चुनाव प्रचार कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह के भाई चमन सिंह का सोशल मीडिया पर वायरल कथित ऑडियो का मुद्दा गरमा गया। गुरूवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को इस मामले का संज्ञान लेने को कहा।

सोशल मीडिया पर वायरल इस ऑडियों में चमन एक व्यक्ति से उसकी पुत्रियों को कांग्रेस ज्वाइन कराने के तल्ख अंदाज में बोलते सुनाई दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकार पीड़ित के साथ खड़ी है और मामले में निष्पक्षता सर्वोपरि है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here