बिहार के मधुबनी जिले में एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया है। यहां एक युवती की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई है। युवती की हत्या का आरोप उसके पूर्व प्रेमी पर लगा है। यहां झंझारपुर में भैरवस्थान थाना क्षेत्र के लोहना दक्षिण पंचायत के वार्ड 12 स्थित सर्वसीमा गांव में रविवार की रात को 22 वर्षीय नवविवाहिता काजल कुमारी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई। आक्रोशित परिजन और ग्रामीण आरोपी के घर पर शव रखकर विरोध जताने लगे। पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित करने में जुटी रही।
जानकारी के अनुसार, काजल दो दिन पूर्व अपनी मां सुनीता देवी के पास मायके आई थी। बताया जाता है कि गांव के विपुल चौधरी उर्फ जतिन ने काजल की मां के साथ मारपीट की थी। इसकी जानकारी मिलने पर काजल मायके पहुंची और मां के साथ थाने जाकर शिकायत कराने के बाद घर लौट आई। इसी दौरान विपुल अपने एक अन्य साथी के साथ काजल को खोजते हुए पड़ोस के घर पहुंचा। वहां चापाकल के पास काजल पर चाकू से कई वार किए गए। उसे बचाने पहुंची एक महिला को भी चोट आई। गंभीर रूप से घायल काजल की मौत हो गई।
प्रेम संबंध में हत्या की चर्चा
घटना के पीछे प्रेम-संबंध और बाइक की किस्त को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के मुताबिक, काजल का पहले विपुल से संबंध था। बाद में उसने दरभंगा जिले के उजान सोनपुर उजान गांव निवासी शिवम राय उर्फ बाला से प्रेम विवाह कर लिया। दोनों के बीच बाइक की किस्त के लिए दिए गए 10 हजार रुपये को लेकर विवाद होने की चर्चा है। हालांकि, घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। काजल के पिता की मृत्यु वर्ष 2002 में हो गई थी। उसकी मां सुनीता देवी ही परिवार का भरण-पोषण करती थीं। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजन आक्रोशित हो गए।
भैरवस्थान थानाध्यक्ष सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम हो चुका है। एफएसएल की टीम सहित अन्य पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक जांच कर रहे हैं।










