मैं हर जांच के लिए तैयार; पति के आरोपों पर क्या बोलीं रेखा आर्या

0
14

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू की ओर से लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा है कि वे हर चुनाव में अपनी संपत्ति का ब्योरा देती रही हैं और हर जांच को तैयार हैं। रेखा ने कहा कि साहू पहले केस वापस लेने का निवेदन करते हैं और फिर आरोप लगाते हैं। उन्होंने इसे मीठी धमकी बताया।

अस्पताल में भर्ती रेखा ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि वे लंबे समय से प्रताड़ना झेल रही थीं। अपने आत्मसम्मान, बच्चों की सुरक्षा के लिए उन्होंने अपनी बात सार्वजनिक रूप से रखने का निर्णय लिया। ऐसी कई महिलाएं हैं जो इस तरह के हालात का सामना करती हैं, लेकिन पीड़ा जाहिर नहीं कर पातीं। ऐसी ही पीड़ा महसूस करने के बाद उन्होंने कानूनी लड़ाई लड़ने का निर्णय लिया, ताकि अन्याय झेल रहीं दूसरी महिलाओं को भी प्रेरणा मिल सके।

अब गुंजाइश नहीं

रेखा ने कहा कि कोई भी महिला नहीं चाहती कि उसका परिवार बर्बाद हो। यही कारण था कि वे अब तक चुप रहीं। एक कथित ऑडियो का हवाला देते हुए कहा कि इससे उन्हें लगा कि अब सुधार की कोई गुंजाइश नहीं बची है।

यूसीसी पर पुलिस लेगी फैसला

समान नागरिक संहिता (यूसीसी) में इस मामले की जांच की संभावना को लेकर सवाल पर रेखा आर्या ने कहा कि उन्होंने पुलिस को तहरीर दे दी है। उनके अनुसार, यह मामला यूसीसी के दायरे में आता है या नहीं, यह पुलिस अधिकारी ही तय करेंगे।

2024 में एक महिला पर दर्ज कराया मुकदमा

एक सवाल के जवाब में मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि उन्होंने 2024 में एक महिला पर मुकदमा कराया था। आरोपी उनके दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल कर रही थी। उनके पते का भी दुरुपयोग हो रहा था। इस मामले में फाइनल रिपोर्ट (एफआर) लगवाने की साजिश में भी साहू की भूमिका थी। हाल में जारी ऑडियो इसे पुष्ट करता है।

हमें सहानुभूति, लेकिन जवाब देना होगा: गोदियाल

देहरादून। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा, मंत्री रेखा आर्या के साथ कोई प्रताड़ना हुई है, तो उत्तराखंड की बेटी होने के नाते उनके प्रति हमारी पूरी सहानुभूति है। लेकिन उनके पति की ओर से 210 करोड़ की बेनामी संपत्ति के आरोप भी हैं। इन आरोपों की सच्चाई सामने आनी चाहिए। आर्या और सरकार को इस मामले पर सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण देना चाहिए।

सहयोग के लिए जताया आभार, भावुक हुईं मंत्री

मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री रेखा आर्या ने इस कठिन वक्त में उनके साथ खड़े लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पक्ष और विपक्ष, दोनों से जुड़े लोग इस समय उनके साथ खड़े हैं। यह कहते हुए वे भावुक हो गईं और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here