विजय थलापति बनकर चंदा मांगा, उत्तराखंड में 2 महिलाओं से साइबर ठगी

0
147

सिने स्टार से राजनेता बने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय थलापति की फर्जी प्रोफाइल बनाकर उत्तराखंड के हल्द्वानी में दो महिलाओं से ठगी का मामला सामने आया है। महिलाओं से 80 हजार रुपये की ठगी हुई है। साइबर सेल ने मामले में जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि संदेश भेजने वाले ने खुद को थलापति बताकर गरीबों के नाम पर चंदे की मांग की थी।

हल्द्वानी कोतवाली और मुखानी क्षेत्र निवासी दो महिलाओं को हाल ही में व्हाट्सऐप पर एक संदेश मिला। जिसमें तमिलनाडु के मुख्यमंत्री की फोटो लगी हुई थी और संदेश भेजने वाले ने खुद को मुख्यमंत्री थलापति बताकर गरीबों की मदद के लिए चंदे की मांग की।

वीआईपी प्रोफाइल और उच्च पद की आड़ में मदद मांगने के कारण महिलाओं को पहले तो संदेश की प्रामाणिकता पर शक हुआ, लेकिन ठगों द्वारा इस तरह से जाल बुना गया कि वे विश्वास कर बैठीं। गरीबों की सहायता के नाम पर सहानुभूति का फायदा उठाकर शातिरों ने एक महिला से 45 तो दूसरी से 35 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए।

हस्तियों के नाम पर ठगी

साइबर सेल विशेषज्ञ इंस्पेक्टर नीरज भाकुनी बताते हैं ठग अब ठगी के लिए नए पैंतरे अपना रहे हैं। वे जानी मानी हस्तियों के नाम से जाल बुन रहे हैं। जो सोशल मीडिया पर मशहूर हस्तियों के नाम पर फर्जी अकाउंट बनाकर भोले लोगों को निशाना बनाते हैं।

वाहन खरीदने को चुरा लिए 15 लाख के गहने

दूसरी तरफ भवाली के गैराड़ी लटवाल गांव में घर से चोरी हुए करीब 15 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवर के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। गांव के ही 20 वर्षीय जितेंद्र सिंह लटवाल ने वाहन खरीदने के लालच में इस चोरी की घटना को अंजाम दिया था।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर करीब 12 तोले के सभी चोरी किए गए आभूषण बरामद कर लिए हैं। गैराड़ी लटवाल निवासी उमा लटवाल ने 29 अगस्त को घर से सोने के जेवर चोरी होने की शिकायत भवाली कोतवाली में दर्ज कराई थी।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने सुरागरसी और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी जितेंद्र सिंह लटवाल उर्फ जित्तू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया वह इन जेवरों को बेचकर गाड़ी खरीदना चाहता था। बरामद सामान में दो जोड़ी पौंची, झुमके, नथ, गलोबंद, मांग-टीका और अंगूठी शामिल हैं, जिनका कुल वजन करीब 12 तोला और कीमत 15 लाख रुपये है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी कर उसे जेल भेज दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here