यूपी में पति-पत्नी के झगड़े में रूठी बिजली, घंटों हजार घरों में रहा अंधेरा

0
6

एक दंपति के आपसी विवाद में बिजली भी नाराज हो गई। नशे की हालत में चल रहे विवाद के दौरान दंपति ने घर के कपड़े एचटी तार पर फेंक दिए। कपड़ा तार पर पड़ा तो रामजानकी नगर फीडर ही ट्रिप हो गया और करीब एक हजार घर अंधेरे में डूब गए। बिजली गुल होने पर लोगों को लगा कि शायद कोई तकनीकी गड़बड़ी हुई है, लेकिन वजह सामने आई तो मामला कुछ अलग ही निकला।

दरअसल, यूपी के गोरखपुर में विद्युत उपकेंद्र राप्तीनगर से जुड़े शिवपुरी कॉलोनी में मंगलवार रात करीब नौ बजे एक घर में नशे को लेकर दंपति में विवाद शुरू हो गया। नाराज दंपति ने दो मंजिला इमारत से कपड़े घर के बाहर फेंकना शुरू कर दिया। कपड़ा बाहर सड़क किनारे गुजर रहे 11 केवी हाईटेंशन तार पर जा गिरा और रामजानकी नगर फीडर ट्रिप हो गया। इधर, फीडर ट्रिप होते ही बिजली कर्मी पेट्रोलिंग करने निकले तो तार पर लटके कपड़े देखकर माजरा समझ गए।

बिजली कर्मियों ने एचटी तार से कपड़ा हटाने की कार्रवाई की। इसके बाद रात करीब 11 बजे बिजली आपूर्ति बहाल की गई। करीब दो घंटे तक बिजली गुल रहने से करीब एक हजार घरों के उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। राप्तीनगर के सहायक अभियंता, सत्येंद्र कुमार ने इस मामले के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि दंपति द्वारा नशे को लेकर आपसी विवाद में 11 केवी लाइन पर कपड़ा फेंक दिया गया था, जिसकी वजह से फीडर ट्रिप हो गया। तार से कपड़ा हटाने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।

कार्यों की सूची तैयार करेगा बिजली निगम

गोरखपुर में विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 15 सितम्बर से 31 अक्तूबर तक विद्युत अनुरक्षण माह चलाया जाएगा। बिजली निगम इस अवधि में कराए जाने वाले अनुरक्षण कार्यों की सूची अभी से तैयार करेगा। सूची में विद्युत वितरण व्यवस्था से जुड़े सभी जरूरी कार्यों को शामिल कर निर्धारित अवधि में उन्हें पूरा कराया जाएगा।

अपर मुख्य सचिव (ऊर्जा) एवं उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष डॉ. आशीष गोयल ने विद्युत निगमों की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को अनुरक्षण माह की तैयारी पहले से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। अनुरक्षण के दौरान ट्रांसफार्मरों के साथ विद्युत लाइनों, उपकेंद्रों और वितरण व्यवस्था से जुड़े अन्य उपकरणों की जांच एवं आवश्यक मरम्मत कराई जाएगी। इसके लिए सूची तैयार की जाएगी। बिजली निगम ने इसपर काम शुरू कर दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here