पीएनबी करेंसी चेस्ट में कैसे पहुंचे 17 करोड़ के जाली नोट? सस्पेंड मैनेजरों के सर्च वारंट जारी

0
81

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पंजाब नेशनल बैंक की सोफिया मार्केट स्थित करेंसी चेस्ट में सामने आए जाली नोट और नकदी गायब होने के मामले में पुलिस ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है। मामले में नामजद और सस्पेंडेड बैंक अधिकारियों के खिलाफ सर्च वारंट जारी कर उनके घरों पर चस्पा किए गए हैं। वहीं करेंसी चेस्ट में पार्ट टाइम हाउस कीपर रहे विशाल कुमार को पुलिस द्वारा पूछताछ के लिए हिरासत में लिए जाने का उसके परिजनों ने दावा किया है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस के अनुसार करेंसी चेस्ट प्रकरण में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज हैं। इनमें एक मुकदमा जाली नोट मिलने से संबंधित है, जबकि दूसरे में करीब 4.30 लाख रुपये गायब होने की शिकायत दर्ज कराई गई है। पीएनबी के नोडल अधिकारी अरुण कुमार चौबे की तहरीर पर कोतवाली सदर बाजार में वरिष्ठ प्रबंधक मंडल कार्यालय रवि कुमार कांसे, करेंसी चेस्ट प्रबंधक सुशील शर्मा और खेरा बाजार जगाधरी करेंसी चेस्ट प्रबंधक अमित कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

हाउस कीपर के परिजनों का दावा, पुलिस ले गई

पार्ट टाइम हाउस कीपर विशाल कुमार के परिजनों का दावा है कि मंगलवार देर रात पुलिस उसके घर पहुंची और उसे पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। विशाल के पिता बीरम सिंह के मुताबिक पुलिस से बार-बार जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन टीम ने ज्यादा जानकारी नहीं दी। हालांकि पुलिस की ओर से विशाल को हिरासत में लिए जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। जांच में सामने आई सीसीटीवी फुटेज में विशाल कुमार के नोटों की गड्डियों से रुपये निकालते दिखाई देने की बात कही जा रही है। उसे करेंसी चेस्ट में नोटों की गड्डियां व्यवस्थित करने की जिम्मेदारी मिली हुई थी। इसी आधार पर पुलिस उसकी भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।

इनके जारी हुए सर्च वारंट

शुरुआती जांच में भूमिका संदिग्ध पाए जाने के बाद बैंक प्रबंधन ने तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया था। इनमें रवि कुमार कांसे, सुशील शर्मा और अमित कुमार शामिल हैं। वहीं पार्ट टाइम हाउस कीपर विशाल कुमार को भी काम से हटा दिया गया है। पुलिस नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हरियाणा, उत्तराखंड और आसपास के जिलों में लगातार दबिश दे रही है। जांच आगे बढ़ने के साथ करेंसी चेस्ट और संबंधित शाखाओं से जुड़े अन्य बैंक अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आने की संभावना है।

सोफिया मार्केट चेस्ट से लेनदेन बंद

जांच पूरी होने तक सोफिया मार्केट स्थित करेंसी चेस्ट से नकदी का लेन-देन रोक दिया गया है। बैंक की विभिन्न शाखाओं से नकदी जमा करने और जरूरत के मुताबिक नकदी उपलब्ध कराने के लिए फिलहाल गंगोह स्थित करेंसी चेस्ट का इस्तेमाल किया जाएगा।

क्या बोली पुलिस

सहारनपुर रेंज के डीआईजी अभिषेक सिंह ने बताया कि आरोपियों को सर्च वारंट जारी किये गये है। जाली नोट कहां से आए और उनका स्रोत क्या है, इसकी भी जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here