देहरादून में सोमवार को स्वाइन फ्लू के 24 नए मरीज मिले। देहरादून के 16 और आठ मरीज बाहरी जिलों के हैं। इसके साथ ही जिले में स्वाइन फ्लू के कुल मामलों की संख्या 105 हो गई है। वर्तमान में विभिन्न अस्पतालों में कुल 36 मरीज उपचाराधीन हैं।
डेंगू के दो नए मामले मिले
जिले में स्वाइन फ्लू के साथ डेंगू का खतरा भी कायम है। सोमवार को डेंगू जांच में दो नए मरीज पॉजिटिव आए, जिससे डेंगू संक्रमितों की कुल संख्या 114 हो गई। इनमें 55 मरीज देहरादून और 59 दूसरे जिलों से जुड़े हैं।
दो स्तरों पर बनेगीं कमेटियां
अस्पताल/ब्लॉक स्तर: मुख्य चिकित्सा अधीक्षक या चिकित्सा अधीक्षक, फिजिशियन और माइक्रोबायोलॉजिस्ट, जिला स्तर: जिला सर्विलांस अधिकारी, फिजिशियन, एपिडेमियोलॉजिस्ट और माइक्रोबायोलॉजिस्ट।
कंटेनर में फ्लू ओपीडी
स्वाइन फ्लू को देखते हुए दून अस्पताल परिसर में बाहर की तरफ कंटेनर में अलग से फ्लू ओपीडी शुरू की गई है। पंजीकरण प्रभारी विनोद नैनवाल ने यह व्यवस्था की है। उनको ही परामर्श, जांच और रिपोर्टिंग का समन्वयक बनाया गया है।
स्वाइन फ्लू से मौत में दो स्तर पर ऑडिट होगा
जिले में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। अब पॉजिटिव मरीजों की मौत की दो स्तरों पर गहन समीक्षा (डेथ ऑडिट) होगी। सीएमओ ने सभी सरकारी और निजी अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और ऋषिकेश एम्स को डेथ ऑडिट कमेटियां गठित करने के निर्देश दिए हैं। उनके मुताबिक, स्वाइन फ्लू से पीड़ित मरीज की मौत होने पर तीन दिन के भीतर अस्पताल या ब्लॉक स्तर पर पहला ऑडिट किया जाएगा। इसके बाद जिलास्तरीय कमेटी दोबारा समीक्षा करेगी। सभी मौतों का डाटा ‘आईडीएसपी’ के तहत आईएचआईपी पोर्टल पर दर्ज करना अनिवार्य होगा।











